अररिया के नरपतगंज प्रखंड क्षेत्र में लोक आस्था और भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक सामा-चकेवा पर्व उत्साह और पारंपरिक श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। छठ महापर्व के समापन के साथ ही गांवों में सामा-चकेवा के पारंपरिक गीत गूंजने लगे हैं। लोकगायिका शारदा सिन्हा के गाए सामा-चकेवा और चुगला-चुगली के गीतों से ग्रामीण परिवेश भक्तिमय माहौल में रंगा हुआ है। महिलाएं और बच्चियां मिट्टी से बनी सामा, चकेवा, चुगला, सतभैया, वृंदावन तथा विभिन्न पक्षियों की प्रतिमाओं को आकर्षक रूप देने में जुटी हैं।
फुलकाहा दुर्गा मंदिर के पुजारी मनोज झा के अनुसार, सामा-चकेवा पर्व का उल्लेख पद्म पुराण में भी मिलता है। मान्यता है कि चुड़क नामक एक चुगलखोर व्यक्ति ने भगवान श्रीकृष्ण से उनकी पुत्री सामा के बारे में झूठी शिकायत की थी। इससे क्रोधित होकर श्रीकृष्ण ने सामा को पक्षी बन जाने का श्राप दे दिया। बहन की इस स्थिति से दुखी होकर भाई साम्ब ने उसे श्राप से मुक्त कराने के लिए कठोर तपस्या की। भाई के प्रेम और तपस्या से प्रसन्न होकर श्रीकृष्ण ने सामा को श्राप से मुक्त कर दिया। इसी पौराणिक प्रसंग की याद में यह पर्व मनाया जाता है।
पर्व में चुगला की मिट्टी की प्रतिमा बनाकर उसकी चोटी में आग लगाने और जूते से पीटने की परंपरा है, जिसके माध्यम से चुगलखोरी, झूठ और नकारात्मकता के प्रति विरोध प्रकट किया जाता है। महिलाएं पारंपरिक मैथिली गीत गाते हुए सामा-चकेवा की कथा को जीवंत करती हैं। नई धान की फसल से तैयार चूड़ा इस पर्व का विशेष हिस्सा है, जिसे बहनें अपने भाइयों को खिलाती हैं। मिट्टी से बने हंडीनुमा सेखारी में चूड़ा, मुरही और मिठाइयां भरकर अंतिम दिन भाइयों को पांच-पांच मुट्ठी प्रसाद देने की परंपरा भी निभाई जाती है।
सात दिनों तक चलने वाले इस पर्व में बहनें भाइयों की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और खुशहाल जीवन की कामना करती हैं। प्रतिदिन शाम को महिलाएं और बच्चियां एकत्रित होकर पारंपरिक गीत गाती हैं। कार्तिक पूर्णिमा को सामा-चकेवा की प्रतिमाओं को टोकरी में सजाकर नदी और तालाबों के घाटों पर पारंपरिक गीतों के बीच विसर्जित कर पर्व का समापन होता है। नरपतगंज, फुलकाहा, घुरना, बसमतिया, बेला और आसपास के ग्रामीण इलाकों में पर्व को लेकर खासा उत्साह है। हाट-बाजारों में कुम्हार समाज के लोगों द्वारा तैयार मिट्टी की सामा-चकेवा प्रतिमाओं और सेखारी की खूब बिक्री हो रही है।
