लखनऊ/ललितपुर: समाजवादी पार्टी ने यूपी चुनाव 2027 के लिए पांच प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की है, जिसमें एकमात्र महिला उम्मीदवार ज्योति प्रसाद लोधी को ललितपुर सदर सीट से टिकट दिया गया है। पार्टी ने पहली ही सूची में एक ओबीसी महिला चेहरे को मौका देकर महिला वर्ग को संदेश देने की कोशिश की है। ज्योति प्रसाद लोधी को करीब 10 साल बाद सपा ने फिर से इस सीट से मैदान में उतारा है। वह इस सूची में महिला के साथ-साथ एकमात्र ऐसा चेहरा हैं जो विधायक नहीं हैं।

ज्योति प्रसाद लोधी बुंदेलखंड की राजनीति में सपा का प्रमुख महिला और ओबीसी चेहरा मानी जाती हैं। वह ललितपुर की जिला पंचायत अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। 2017 में उन्होंने ललितपुर सदर सीट से चुनाव लड़ा था, जब मोदी लहर के बीच वह भाजपा के रामरतन कुशवाहा से करीब 68 हजार मतों से हार गई थीं। 2022 में सपा ने इस सीट से रमेश कुशवाहा पर दांव लगाया था, जो तीसरे नंबर पर रहे।

विधानसभा चुनाव से ठीक पहले अखिलेश यादव ने जातीय समीकरण साधने के लिए कैलाश यादव की जगह ज्योति सिंह लोधी को ललितपुर का जिलाध्यक्ष बनाया था। ललितपुर विधानसभा सीट लोधी बाहुल्य है और लोधी समाज भाजपा का कोर वोट बैंक रहा है। ज्योति सिंह लोधी को आगे करके अखिलेश ने पीडीए फॉर्मूले के तहत भाजपा के इस मजबूत वोट बैंक में सेंध लगाने की रणनीति बनाई है।

ललितपुर जिले में दो विधानसभा सीटें हैं — ललितपुर (सामान्य) और महरौनी, जो अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। दोनों सीटों पर भाजपा का कब्जा है। 2022 के विधानसभा चुनाव में ललितपुर सीट से भाजपा के रामरतन कुशवाहा ने बसपा के चंद्र भूषण सिंह बुंदेला (गुड्डू राजा) को 1,07,215 मतों के अंतर से हराया था, जबकि सपा तीसरे नंबर पर थी। रामरतन कुशवाहा लगातार दो बार इस सीट पर जीतते आए हैं। खास बात यह है कि सपा अब तक यह सीट नहीं जीत पाई है।