लखनऊ मध्य से समाजवादी पार्टी के विधायक रविदास मेहरोत्रा ने परिसीमन बिल पर पार्टी का रुख साफ करते हुए कहा है कि सपा संसद में इसका पुरजोर विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि 30 नवंबर से शुरू हो रहे लोकसभा सत्र के दौरान पार्टी के सभी सांसद मौजूद रहेंगे और पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव भी लोकसभा में उपस्थित रहेंगे। मेहरोत्रा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार संविधान और लोकतंत्र के साथ छेड़छाड़ करती है।

विधायक ने कहा कि सपा महिलाओं को आरक्षण दिए जाने के पक्ष में है, लेकिन दलित, पिछड़े वर्ग और अल्पसंख्यक वर्ग की महिलाओं की भी आरक्षण में भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा परिसीमन के नाम पर जनता को मुख्य मुद्दों से भटकाना चाहती है।

सोनिया गांधी के नागरिकता विवाद पर मेहरोत्रा ने कहा कि सोनिया गांधी का नाम 1980 में वोटर लिस्ट में था और 1983 में वह भारत की नागरिक बनीं। इसी बात को लेकर विवाद हुआ है और मामला दिल्ली कोर्ट में गया है, जहां 14 दिसंबर को सुनवाई होनी है। उन्होंने कहा कि कोर्ट जो भी आदेश देगा, उसे सभी को स्वीकार करना चाहिए।

परिसीमन बिल पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पार्टी विरोध में विपक्ष के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी और यह बिल भाजपा की राजनीति की सबसे बड़ी भूल साबित होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि परिसीमन की आड़ में भाजपा महिला आरक्षण के जरिए चुनावी फायदा उठाने का प्रयास कर रही है और इस मामले को यूपी चुनाव से भी जोड़ा।