लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सीट बंटवारे की जिम्मेदारी संभाल रहे सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद और समाजवादी पार्टी के बीच तनाव बढ़ गया है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सहारनपुर देहात सीट से आशु मलिक को उम्मीदवार घोषित किया है। इमरान मसूद का आशु मलिक से पुराना सियासी टकराव रहा है और दोनों के बीच मतभेद जगजाहिर है। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, इमरान मसूद के सपा और अखिलेश यादव के खिलाफ बयानों के चलते यह स्थिति बनी है। बताया जाता है कि यूपी में सपा की ओर से 26 सीट दिए जाने की चर्चा के बीच इमरान के इस बयान ने भी मामला बढ़ाया कि वे भीख नहीं मांग रहे हैं।

इमरान मसूद कई महीनों से सीटों के बंटवारे को लेकर सपा और अखिलेश यादव पर बयान देते रहे हैं। उन्होंने गठबंधन में बराबरी का हक देने यानी दोनों दलों को आधी-आधी सीट मिलने की बात कही थी। गठबंधन का ऐलान जल्द न होने पर भी उन्होंने सपा को घेरा था। इसी क्रम में 181 की लिस्ट के समय सहारनपुर की चार सीटों की मांग की गई थी। दूसरे दौर की सीट शेयरिंग पर मीटिंग खत्म होने के कुछ घंटों बाद ही सपा ने पांच सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए, जिनमें दो सीट सहारनपुर जिले की हैं। इन दोनों सीटों पर इमरान मसूद दावेदारी कर रहे थे। सहारनपुर देहात से वे विधायक रह चुके हैं।

सपा ने सहारनपुर देहात सीट से एक बार फिर आशु मलिक को टिकट दिया है। आशु मलिक और इमरान मसूद के बीच सियासी टकराव पुराना है। हाल में एक मीटिंग में दोनों के बीच कहासुनी भी हुई थी। पहले भी टिकट के नाम पर खींचतान चलती रही है। सपा और कांग्रेस के गठबंधन की बातचीत के बीच पांच सीटों पर उम्मीदवार उतारने से इमरान मसूद नाराज हैं। उनका कहना है कि गठबंधन के बीच इस तरह का व्यवहार होना गठबंधन नहीं है और इसका मतलब है कि सपा की ओर से कोई गंभीरता नहीं है।

आशु मलिक सहारनपुर देहात विधानसभा सीट से सपा के 2022 से विधायक हैं। उन्होंने इस सीट से बीजेपी उम्मीदवार को 30 हजार से अधिक वोटों से हराया था। आशु मलिक मुलायम सिंह यादव के खास माने जाते थे और फिलहाल अखिलेश यादव के भी करीबी हैं। उन्हें 2015 में सपा ने एमएलसी बनाया और वे 2021 तक एमएलसी रहे। 2016-17 में सपा परिवार के भीतर हुए सियासी घमासान में वे सक्रिय रहे। आशु मलिक मुस्लिम (ओबीसी) समुदाय से आते हैं और 2010 में सपा में सक्रिय हुए थे। 2011 में वे सपा के प्रचारक बने, 2012 में साइकल रैली निकाली और इसके बाद 2014 में 'अखिलेश युवा ब्रिगेड' में सक्रिय रहे।