समालखा बिजली डिवीजन में बकाया वसूली को लेकर विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। डिवीजन के करीब 1.33 लाख उपभोक्ताओं में से 42 हजार उपभोक्ता डिफाल्टर घोषित किए गए हैं, जिन पर बिजली निगम का करीब 73 करोड़ रुपये बकाया है। अधिकारियों के अनुसार, बार-बार संदेश भेजे जाने के बाद भी कई उपभोक्ता बिल भरने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं।

दीपावली के बाद कार्यकारी अभियंता ने एसडीओ और जेई के नेतृत्व में रिकवरी के लिए टीमें गठित की हैं। समालखा, बिहौली, बापौली और छाजपुर में कुल 22 टीमें लगाई गई हैं। इनमें छाजपुर में सात, समालखा और बापौली में पांच-पांच तथा बिहौली में चार टीमें शामिल हैं। टीमें बिल न भरने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट रही हैं। पांच हजार रुपये से अधिक बकाया वाले सभी डिफाल्टरों पर निगम सख्ती बरत रहा है।

कार्यकारी अभियंता एमएस धीमान ने बताया कि एसडीओ के साथ बैठक कर रिकवरी के सख्त निर्देश दिए गए हैं। बकाया न भरने पर कनेक्शन काटे जा रहे हैं, और एक बार कनेक्शन कटने के बाद उपभोक्ता को दोबारा नए सिरे से कनेक्शन लेना होगा। लाइनमैन को भी निर्देश दिए गए हैं कि डिफाल्टरों के फाल्ट तब तक ठीक न किए जाएं जब तक वे बिल न भर दें।