कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए संभल जिले में शनिवार दोपहर 12 बजे से भारी एवं व्यावसायिक वाहनों का रूट डायवर्जन लागू कर दिया जाएगा। शाम छह बजे से हल्के वाहनों पर भी डायवर्जन लागू होगा। यह व्यवस्था 24 नवंबर की रात 12 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान मुरादाबाद, दिल्ली, बदायूं, अलीगढ़ और आगरा की ओर जाने वाले वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से गुजरना होगा। यातायात सुचारु रखने के लिए पुलिस ने 14 प्रमुख स्थानों पर डायवर्जन प्वाइंट बनाए हैं।

कार्तिक पूर्णिमा का मुख्य गंगा स्नान 24 नवंबर को होगा। जिले में राजघाट, साधुबनी, हरिबाबा धाम और सिसौना टांडा में गंगा किनारे मेले का आयोजन होगा, जहां संभल के अलावा आसपास के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों तथा दूसरे जनपदों से लाखों श्रद्धालु पहुंचेंगे। अमरोहा के तिगरी, बुलंदशहर के अनूपशहर और हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में भी गंगा मेले के चलते संबंधित जनपदों में यातायात डायवर्जन लागू रहेगा।

संभल पुलिस के रूट प्लान के अनुसार, मुरादाबाद से संभल होकर दिल्ली जाने वाले भारी वाहन चौधरी सराय चौराहा से खिरनी कट होते हुए गंगा एक्सप्रेसवे और हापुड़ होकर जाएंगे। मुरादाबाद से चंदौसी होकर दिल्ली जाने वाले वाहन सिम्स कालेज बाइपास से लहरावन कट होते हुए एक्सप्रेसवे पर पहुंचेंगे। बदायूं से चंदौसी होकर दिल्ली जाने वाले वाहनों के लिए भी यही मार्ग तय किया गया है। मुरादाबाद और बदायूं से अलीगढ़ व आगरा जाने वाले भारी वाहनों को बहजोई, धनारी, इंद्रा चौक बबराला और नरौरा पुल के रास्ते निकाला जाएगा। इस्लामनगर से बहजोई होकर अलीगढ़ जाने वाले वाहनों को भी इसी मार्ग से गुजरना होगा।

दिल्ली से संभल आने वाले वाहन खिरनी कट से उतरेंगे, जबकि दिल्ली से मुरादाबाद जाने वाले वाहन लहरावन कट से चंदौसी-बिलारी होकर जाएंगे। दिल्ली से चंदौसी और बहजोई आने वाले वाहनों के लिए भी लहरावन कट निर्धारित किया गया है। चौधरी सराय चौराहा से सैदनगली-हसनपुर-गजरौला मार्ग, केसरपुर तिराहा से अनूपशहर टी-प्वाइंट, इंद्रा चौक बबराला से जिंजौड़ा टांडा होते हुए टी-प्वाइंट चौकी और संभल से जोया मार्ग पर भारी एवं व्यावसायिक वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। नरौरा पुल से चंदौसी, संभल और मुरादाबाद जाने वाले वाहनों को नेहरू चौक गुन्नौर और नूरपुर तिराहा से निकाला जाएगा, वहीं बरेली, शाहजहांपुर और लखनऊ जाने वाले वाहन गुन्नौर से बदायूं होकर जाएंगे।