संसद के शीतकालीन सत्र की तारीखों का अभी ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक और महिला आरक्षण बिल को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। विपक्षी गठबंधन INDIA की ओर से दावा किया जा रहा है कि सरकार के पास जरूरी संख्या से 40 से 50 सांसद कम पड़ रहे हैं, इसलिए पार्टियों को तोड़ने की तैयारी की जा रही है।
शिवसेना यूबीटी नेता संजय राउत ने रविवार को दावा किया कि जरूरी आंकड़ा नहीं जुटा पाने के कारण NDA शीतकालीन सत्र को दांव पर लगा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार परिसीमन बिल किसी भी हालत में पास करना चाहती है और इसके लिए छोटी पार्टियों को खरीदने या दबाव में लाने की कोशिश हो रही है। राउत ने यह भी आरोप लगाया कि सांसदों को खरीदने के लिए 150 करोड़ रुपये की रकम तय की गई है और इस काम के लिए महाराष्ट्र सरकार के एक मंत्री को जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने किसी नेता का नाम नहीं लिया।
राउत ने आरोप लगाया कि भाजपा की ओर से सांसदों को पार्टी व्हिप तोड़कर वोट करने का ऑफर दिया जा रहा है और कहा जा रहा है कि ऐसा करने पर उन्हें अयोग्य नहीं ठहराया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि इस काम के लिए एजेंट भी नियुक्त किए गए हैं और पूरा पैसा महाराष्ट्र से जाएगा।
इधर, महाराष्ट्र सरकार में मंत्री संजय शिरसाट ने राउत के दावों को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि झूठ बोलना राउत की खासियत है और सवाल किया कि 150 करोड़ रुपये देने की बात किसने बताई, उसे सामने लाया जाए।
बता दें कि प्रस्तावित संशोधन के तहत परिसीमन के जरिए लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर अधिकतम 850 करने का प्रस्ताव है, ताकि 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का रास्ता साफ हो सके। अप्रैल में हुए मतदान के दौरान बिल को पर्याप्त सांसदों का समर्थन नहीं मिल सका था। विधेयक को लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत की जरूरत है, जो 543 सदस्यों वाले सदन में 361 वोटों के बराबर है। तीन सीटें खाली होने के कारण अभी सदन में 540 सदस्य हैं। सत्ताधारी NDA के पास 320 सदस्य हैं और जरूरी आंकड़ा पार करने के लिए उसे विपक्षी दलों के समर्थन की जरूरत होगी।
