प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वैशाली दौरे को देखते हुए 21 नवंबर को सारण जिले में विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। वैशाली जिले के राजापाकर प्रखंड अंतर्गत जाफरपट्टी में प्रस्तावित कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए सारण पुलिस अलर्ट मोड में है। वीवीआईपी काफिले और कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार के निर्देश पर जारी यातायात योजना के अनुसार, निर्धारित अवधि में सभी प्रकार के भारी और व्यावसायिक वाहनों के परिचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। ट्रक समेत अन्य भारी वाहनों को निर्धारित क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। हालांकि, एंबुलेंस, अग्निशमन और अन्य आकस्मिक सेवाओं से जुड़े वाहनों का परिचालन जारी रहेगा।
गोपालगंज और सिवान की ओर से आने वाले वाहनों को रसूलपुर (छपरा बाईपास) होते हुए डोरीगंज पहुंचना होगा, जहां से एनएच-19 के रास्ते दिघवारा और सोनपुर होकर वैशाली जाना होगा। आरा की तरफ से आने वाले वाहन सोनपुर होकर वैशाली जाएंगे, जबकि पटना की ओर से आने वाले वाहनों के लिए शिवबच्चन चौक से वैशाली जाने का मार्ग निर्धारित किया गया है। उत्तर प्रदेश की ओर से आने वाले वाहन मांझी, रिविलगंज बाईपास और टेकनिवास होते हुए छपरा बाईपास के रास्ते डोरीगंज पहुंचेंगे और फिर दिघवारा व सोनपुर होकर वैशाली जा सकेंगे।
पुलिस ने वाहन चालकों और मालिकों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले नए रूट की जानकारी ले लें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही इस्तेमाल करें। अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित रास्तों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है, ताकि जाम और असुविधा से बचा जा सके। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जरूरत पड़ने पर परिस्थितियों के अनुसार यातायात व्यवस्था में बदलाव भी किया जा सकता है।
