सारनाथ स्थित जापानी बौद्ध मंदिर को ओ एशिकी पर्व के लिए जापान के शकुरा फूलों से सजाया गया है। यह सजावट पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। मंदिर के प्रबंधक कालजंग नोरबू के अनुसार यह 745वां ओ एशिकी पर्व है, जो दो दिन मनाया जाएगा।
धर्म चक्र इंडो जापान बुद्धिस्ट कल्चरल सोसाइटी के तहत आयोजित इस पर्व में जापानी बौद्ध मंदिर का 34वां और विश्व शांति स्तूप का 17वां वार्षिकोत्सव 22 और 23 नवंबर को मनाया जाएगा। पर्व के दौरान जापानी वाद्य यंत्रों और मंत्रोच्चार के साथ शोभायात्रा निकाली जाएगी।
22 नवंबर की शाम 5 बजे जापानी वाद्य यंत्रों के साथ शोभायात्रा निकलेगी। इसके लिए बौद्ध मंदिर और परिसर को शकुरा फूलों तथा विभिन्न देशों के झंडों से सजाया गया है। कपड़ों पर जापानी मंत्र लिखकर टांगे गए हैं और मंदिर को रंगीन बिजली की झालरों से भी सजाया गया है।
दो दिवसीय पर्व में दर्जन भर जापानी बौद्ध अनुयायियों के साथ सभी बौद्ध मठों के बौद्ध भिक्षु शामिल होंगे।
