सऊदी अरब के नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने बुधवार को यमन में हूती विद्रोहियों के नियंत्रण वाले इलाकों में बड़े हवाई हमले किए। हूती ने इन हमलों में 17 लोगों के मारे जाने और 15 के घायल होने की जानकारी दी है। हूती ने कहा है कि आमजनों पर किए गए इन हमलों का बदला लिया जाएगा।
सऊदी अरब के नेतृत्व वाली सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मलीकी ने बताया है कि ताजा हमले में हूती की सुरंगों और ड्रोन व मिसाइलों के भंडारों को निशाना बनाया गया है। हवाई हमलों में सना और उसके आसपास के 60 सैन्य ठिकानों को नष्ट किया गया है। इसके अतिरिक्त आमरान, सादा और होदेदा के सैन्य ठिकानों को भी निशाना बनाया गया है। सऊदी अरब ने हूती की दागी गई दो क्रूज मिसाइलों को आकाश में ही नष्ट करने का दावा किया है।
इस बीच अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी ने अमेरिका और सऊदी अरब के बीच शांतिपूर्ण कार्यों के लिए हुए परमाणु समझौते पर संतोष जताया है। एजेंसी ने कहा है कि सऊदी अरब में यूरेनियम की शोधन प्रक्रिया के निरीक्षण की समुचित व्यवस्था है, जो संतोषजनक है।
प्रेट्र के अनुसार, हूती के हमलों के मद्देनजर सऊदी अरब जाने वाले विमानों की सेवाएं संचालित करने वाली भारतीय कंपनियों ने 30 नवंबर तक उड़ानें स्थगित करने का निर्णय लिया है। इंडिगो ने बुधवार को इस आशय की घोषणा की, जबकि एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस पहले ही सेवाओं को स्थगित करने की घोषणा कर चुकी हैं।
