कांग्रेस पर आरोप लगाया जा रहा है कि उसने CJP यानी कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन को कमजोर किया। इस बीच CJP नेता सौरभ दास ने लोकसभा सांसद राहुल गांधी की तारीफ की है और उन्हें बहुत सभ्य इंसान बताया है। हालांकि दास ने साफ किया है कि CJP किसी भी पार्टी के साथ जाने की योजना नहीं बना रही है।
असम में कांग्रेस के साथ गठबंधन में रह चुकी रायजोर दल ने कांग्रेस पर बड़े आरोप लगाए हैं। पार्टी प्रमुख अखिल गोगोई की ओर से लिखे गए पत्र में दावा किया गया है कि कांग्रेस क्षेत्रीय दलों को दुश्मन मानती है और उसी ने CJP के आंदोलन को कमजोर किया। गोगोई ने लिखा है कि सड़कों पर आंदोलन को विभाजित करके और एक वास्तविक जनविद्रोह के साथ प्रतिस्पर्धा करके कांग्रेस ने CJP के आंदोलन को कमजोर किया, जिससे सत्तारूढ़ सरकार को आंदोलन को नियंत्रित करने का मौका मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस भाजपा को अपना वैचारिक प्रतिद्वंद्वी बताती है, लेकिन लगातार क्षेत्रीय सहयोगियों और स्वतंत्र जमीनी आंदोलनों को कमजोर करने का काम करती है। फिलहाल इस पर कांग्रेस या CJP की ओर से प्रतिक्रिया नहीं आई है।
द एकेएस पॉडकास्ट में शामिल हुए सौरभ दास ने राहुल गांधी की तारीफ करते हुए कहा कि उन्हें लगता है कि राहुल बहुत ही डीसेंट इंसान हैं। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने उनकी बहुत अच्छी परवरिश की होगी और किसी से भी पूछें तो एक समान राय मिलेगी, सिवाय दूसरी तरफ के कट्टर समर्थकों के। दास ने कहा कि सबके मन में एक आम सहमति है कि राहुल अच्छे इंसान हैं।
दास ने CJP के राजनीतिक दल न बनने की वजह भी बताई। उन्होंने कहा कि देश में हजारों संगठन अपने स्तर पर काम कर रहे हैं और सबका अपना रोल है। उन्होंने कहा कि CJP सिर्फ टीम यूथ है, किसी की टीम नहीं बनना चाहती और न ही उनकी राजनीतिक पार्टी बनने में दिलचस्पी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और INDIA गठबंधन को अपनी भूमिका निभाने दी जाए। बता दें कि CJP ने जून-जुलाई में जंतर मंतर पर पेपर लीक के खिलाफ बड़ा आंदोलन किया था, जिसमें शिक्षा मंत्री को हटाने की मांग सरकार ने मान ली थी और बाद में प्रल्हाद जोशी पद पर आए थे।
