कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता सौरव दास के खिलाफ महाराष्ट्र पुलिस ने लुकआउट सर्कुलर जारी किया है। केंद्र सरकार ने गुरुवार को दिल्ली हाईकोर्ट को यह जानकारी दी। सरकार के मुताबिक, दास के पासपोर्ट में पिता के नाम, पढ़ाई और पते से जुड़ी जानकारियों में गड़बड़ी मिली है, जिसका असर उनकी भारतीय नागरिकता पर भी पड़ सकता है। केंद्र के वकील अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल चेतन शर्मा ने कोर्ट को बताया कि पुडुचेरी के एसपी ने 20 अगस्त को जांच में ये गड़बड़ियां पकड़ी थीं।

दास के वकील अखिल सिब्बल ने कोर्ट में कहा कि उन्हें लुकआउट नोटिस या विदेश जाने से रोके जाने की पहले जानकारी नहीं दी गई थी। दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने पर उन्हें नोटिस दिया गया, जबकि इससे पहले इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें फ्लाइट में बैठने से रोक दिया था। सिब्बल ने नोटिस जारी करने की वजह बताने और उसकी कॉपी देने की मांग की। केंद्र ने कहा कि नोटिस की कॉपी नहीं दी जा सकती, लेकिन अब दास को इसकी जानकारी है और वे इसे कोर्ट में चुनौती दे सकते हैं।

सरकार ने कोर्ट को बताया कि 23 नवंबर को शाम 7:32 बजे दास को नोटिस भेजा गया था और चार मिनट बाद उन्हें विदेश यात्रा न करने की सलाह दी गई। पासपोर्ट में मिली गड़बड़ियों पर जवाब देने के लिए 30 नवंबर तक का समय दिया गया है। सरकार के मुताबिक, दास का पासपोर्ट रद्द नहीं किया गया है, सिर्फ उन्हें विदेश यात्रा न करने को कहा गया है। हाईकोर्ट ने केंद्र, गृह मंत्रालय और पुलिस से 9 दिसंबर तक जवाब मांगा है, उसी दिन अगली सुनवाई होगी।

इससे पहले विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बुधवार को कहा था कि दास के पासपोर्ट में दर्ज जन्मस्थान की जानकारी पर स्पष्टीकरण मांगा गया है। चेन्नई के क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने 23 नवंबर को कारण बताओ नोटिस जारी कर 7 दिन में जवाब देने को कहा और जवाब देने तक पासपोर्ट का इस्तेमाल न करने की सलाह दी। दास ने विदेश यात्रा पर रोक के खिलाफ बुधवार को दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका लगाई थी। उनका आरोप है कि भाजपा समर्थक कुछ सोशल मीडिया हैंडल ने उनका पासपोर्ट लीक किया है। दास ने यह भी आरोप लगाया कि 23 नवंबर को दिल्ली एयरपोर्ट पर उन्हें इमिग्रेशन काउंटर पर रोक दिया गया।