देहरादून में एसबीआई कर्मचारी नेहा फरासी ने अपने अधिवक्ता पति कपिल फरासी पर मानसिक और आर्थिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। नेहा का दावा है कि पति के थाईलैंड में दूसरी महिलाओं से संबंधों का पता लगने के बाद वैवाहिक विवाद बढ़ा और वह घर छोड़कर चली गईं। उन्होंने बुधवार को एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल को प्रार्थना पत्र सौंपकर अपनी स्थिति स्पष्ट की।

नेहा ने आरोप लगाया कि पति ने झूठ बोलकर थाईलैंड यात्रा की और बाद में उन्हें वहां दूसरी महिलाओं से संबंध होने की जानकारी मिली, जिसकी कुछ तस्वीरें भी उनके पास हैं। इसके बाद दोनों एक फरवरी से अलग रह रहे हैं। नेहा ने पति पर उनकी व्यक्तिगत संपत्ति से जुड़ी पावर ऑफ अटार्नी का दुरुपयोग कर बिना जानकारी और सहमति के सास के नाम गिफ्ट डीड कराने का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि संयुक्त मकान की ईएमआई उनके वेतन से कट रही है, जबकि मकान पर पति का कब्जा है। दोनों कारों के स्वामित्व, ईएमआई और कब्जे को लेकर भी विवाद है।

नेहा ने संयुक्त एफडी की राशि अपने खाते में स्थानांतरित करने और बैंक लाकर से गहने निकालने के आरोपों को गलत बताया। उन्होंने कहा कि मामला धोखाधड़ी का नहीं बल्कि घरेलू हिंसा और वैवाहिक विवाद का है। पति की ओर से धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराए जाने के बाद उन्होंने यह स्पष्टीकरण दिया।

वहीं, बैंक प्रबंधक वैभव अग्रवाल ने बैंक अभिलेखों, सीसीटीवी फुटेज और संबंधित दस्तावेजों की जांच कराने के साथ कपिल फरासी की शिकायत पर निष्पक्ष जांच की मांग की है।