सुप्रीम कोर्ट ने पैकेटबंद खाद्य पदार्थों पर चेतावनी लेबल अनिवार्य कर दिए हैं। जस्टिस जे.बी. पारदीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की पीठ ने यह निर्देश जारी किए। कोर्ट ने कहा कि पैकेट के अगले हिस्से पर 'हाई फैट', 'हाई शुगर' या 'हाई सॉल्ट' जैसे चेतावनी लेबल लगाने होंगे, ताकि उपभोक्ता खरीदारी के समय सही फैसला ले सकें और स्वस्थ विकल्प चुन सकें।

पीठ ने भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) से फ्रंट-ऑफ-पैकेज न्यूट्रिशन लेबलिंग (FoPNL) नियमों को सख्त करने को कहा है। कोर्ट ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पैकेट के सामने वाले हिस्से पर 'एडेड शुगर' और 'एडेड फैट' के बजाय 'टोटल शुगर' और 'सैचुरेटेड फैट' को नमक के साथ चिंताजनक पोषक तत्वों के रूप में दर्शाया जाना चाहिए। हर चेतावनी चिह्न छह कोनों वाला होगा, जिसमें संबंधित खाद्य पदार्थ की तस्वीर के बगल में 'हाई फैट', 'हाई शुगर' या 'हाई सॉल्ट' जैसे शब्द लिखे होंगे।

कोर्ट ने केंद्र सरकार को यह भी निर्देश दिया कि खाद्य सुरक्षा और मानक (लेबलिंग और प्रदर्शन) विनियम, 2020 सहित मौजूदा विनियमों को अक्षरशः और भावना के साथ सख्ती से लागू किया जाए। इस फैसले का उद्देश्य पैकेटबंद खाद्य पदार्थों में मौजूद हानिकारक तत्वों के प्रति लोगों को जागरूक करना है, ताकि उन्हें पता चल सके कि वे जिस चीज का सेवन कर रहे हैं, उसका उनकी सेहत पर क्या असर पड़ेगा।