केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कहा कि कश्मीर घाटी में अब कोई भी स्थानीय आतंकी सक्रिय नहीं बचा है। उन्होंने यह बात अरुणाचल प्रदेश के बांदेरदेवा में राष्ट्रपति पुलिस कलर समारोह में कही। शाह के मुताबिक, घाटी में अब जो आतंकी सक्रिय हैं, वे सभी पाकिस्तानी हैं।

शाह का यह बयान ऐसे समय आया है जब पुलवामा में कश्मीर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े आखिरी ज्ञात स्थानीय आतंकी को मार गिराया। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, पिछले पांच दिनों में कुलगाम जिले में दो अलग-अलग मुठभेड़ों में लश्कर के दो आतंकी मारे गए थे।

गृह मंत्री ने 1990 के दशक की उथल-पुथल की तुलना मौजूदा सुरक्षा स्थिति से की। उन्होंने कहा कि 2019 में अनुच्छेद 370 हटने के बाद कश्मीरी युवाओं में अलगाववाद की भावना खत्म हो गई है। शाह ने कहा कि जब अनुच्छेद 370 हटाया गया था, तब विपक्ष ने पूछा था कि इसका आतंकवाद से क्या संबंध है।

शाह ने कहा कि आज वह पूरे देश से गर्व के साथ कह सकते हैं कि अनुच्छेद 370 हटने से कश्मीर के युवाओं में अलगाववाद की भावना खत्म हुई है। उन्होंने इसे सभी के लिए गर्व और सम्मान की बात बताया।