शाहजहांपुर के भौना गांव निवासी नरेंद्र सिंह वेटर का काम करते थे। स्वजन के मुताबिक, रविवार देर रात वह अपने मौसेरे भाई प्रेमशंकर के साथ खुदागंज में एक वैवाहिक समारोह में काम करके बाइक से घर लौट रहे थे। कटरा-खुदागंज मार्ग पर भौना गांव से करीब आधा किमी पहले सड़क पर अचानक एक सांड आ गया, जिससे बाइक उससे टकरा गई। टक्कर के बाद दोनों सवार दूर जा गिरे। सिर में गहरी चोट लगने से नरेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल प्रेमशंकर को मीरानपुर कटरा के अस्पताल में भर्ती कराया गया।

परिवार के लोगों ने बताया कि नरेंद्र की शादी तिलहर की एक युवती से तय हुई थी और होली के बाद शादी होनी थी। गुरुवार को सगाई हुई थी और तीन दिन बाद तिलक का कार्यक्रम था। नरेंद्र के पिता छोटे लाल ने बताया कि रात करीब एक बजे ग्रामीणों ने हादसे की सूचना दी, जब अधिकतर स्वजन सो चुके थे। नरेंद्र के बड़े भाई तुलाराम की कुछ वर्ष पहले बीमारी के कारण मौत हो चुकी थी।

ग्रामीणों के मुताबिक, खुदागंज मार्ग पर बेसहारा पशुओं के झुंड दिन-रात घूमते रहते हैं। उन्होंने कई बार ग्राम पंचायत के अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का कहना है कि गोशालाएं खाली पड़ी हैं, जबकि पशु हाईवे और अन्य सड़कों पर घूम रहे हैं, जिसके कारण एक वर्ष में 15 हादसे हो चुके हैं।