जम्मू-कश्मीर में 30 नवंबर तक मौसम को लेकर किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर ने स्पष्ट किया है कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ओर से इस अवधि के लिए फिलहाल कोई वेदर वार्निंग नहीं है। केंद्र ने बताया कि उसके संज्ञान में कई ऐसे यूट्यूब चैनल और इंटरनेट मीडिया पेज आए हैं, जो जम्मू-कश्मीर के मौसम को लेकर गलत और भ्रामक जानकारियां प्रसारित कर रहे हैं। इनमें पुरानी मौसम रिपोर्ट को इस तरह पेश किया जा रहा है, मानो वह आने वाले दिनों का ताजा पूर्वानुमान हो। इससे आम लोगों में अनावश्यक चिंता और घबराहट की स्थिति बन रही है।
केंद्र ने अपने नोटिस में साफ कहा है कि नोटिस जारी होने की तारीख तक IMD ने 30 नवंबर 2026 तक जम्मू-कश्मीर के लिए कोई मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की है। ऐसे में इंटरनेट मीडिया पर भारी बारिश, बर्फबारी या मौसम में बड़े बदलाव को लेकर प्रसारित किए जा रहे दावों को आधिकारिक पूर्वानुमान मानना उचित नहीं है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने ऐसे चैनलों और इंटरनेट मीडिया पेजों को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा है कि वे बिना आधिकारिक पुष्टि के गलत, भ्रामक या अनधिकृत मौसम संबंधी जानकारी प्रसारित न करें। विभाग ने कहा कि इस तरह की गतिविधियों को गंभीरता से लिया जाएगा और संबंधित मामलों को सक्षम अधिकारियों के पास भेजा जाएगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि लागू कानूनों के तहत ऐसे मामलों में कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है और गलत जानकारी फैलाने वालों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
मौसम विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि वे इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहे संदेशों और वीडियो के आधार पर मौसम को लेकर कोई निष्कर्ष न निकालें। मौसम की सही जानकारी के लिए केवल भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जारी आधिकारिक बुलेटिन और मौसम संबंधी परामर्श पर ही भरोसा करें।
