लखनऊ। सिंचाई विभाग में सरकारी खजाने से 168.47 करोड़ रुपये के संदिग्ध भुगतान का मामला सामने आया है। मीरजापुर नहर प्रखंड के आहरण एवं वितरण अधिकारी (डीडीओ) स्तर से तैयार वेतन एरियर, आकस्मिक व्यय, प्रशिक्षु मानदेय और चिकित्सा प्रतिपूर्ति के बिलों में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी मिली है। ऑडिट रिपोर्ट के मुताबिक फर्जी वाउचर लगाकर ये भुगतान किए गए। ऐसे कर्मचारियों के नाम पर भी भुगतान हुआ, जो संबंधित खंड में तैनात ही नहीं थे। विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट में बजट की जरूरत से अधिक मांग और उसके आवंटन में भी मिलीभगत की आशंका जताई गई है।

रिपोर्ट के अनुसार अप्रैल 2025 से सितंबर 2026 के बीच बड़ी संख्या में भुगतान ऐसे बैंक खातों में भेजे गए, जो विभागीय कर्मचारियों के नहीं थे। 134 संदिग्ध खातों की पहचान की गई है। कुछ खातों में भुगतान पहुंचने के तुरंत बाद रकम अन्य खातों में ट्रांसफर कर दी गई। इन खातों में एक से अधिक बार ट्रेजरी से भुगतान किया गया, जिससे सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ ट्रेजरी के अधिकारियों की भी मिलीभगत का अंदेशा लगाया जा रहा है।

ऑडिट रिपोर्ट के मुताबिक जिन कर्मचारियों को एरियर का भुगतान किया गया, वे संबंधित लघुडाल नहर खंड के कर्मचारी नहीं थे। वास्तविक कर्मचारियों को सातवें वेतन आयोग का एरियर 2019-20 तक दिया जा चुका था, इसके बावजूद 2025-26 और 2026-27 में दोबारा एरियर भुगतान दिखाया गया। वेतनवृद्धि रोकने और बाद में उसे बहाल करने के फर्जी आदेश तैयार कर एरियर के बिल बनाए गए और उनका भुगतान किया गया। जांच में पाया गया कि इन भुगतानों के लिए जिन कर्मचारियों के नाम इस्तेमाल किए गए, उनका संबंधित खंड से कोई संबंध नहीं था।

रिपोर्ट में अधिक बजट आवंटन पर भी सवाल उठाए गए हैं। सितंबर 2026 में 519 कर्मचारियों-अधिकारियों का मासिक वेतन भुगतान 3.78 करोड़ रुपये था, जिसके आधार पर ऑडिट ने सालाना आवश्यकता करीब 45-46 करोड़ रुपये आंकी, लेकिन 2025-26 में इससे अधिक व्यय दर्ज हुआ। ग्रांट-95 का बजट 2020-21 के करीब 67.42 करोड़ रुपये से बढ़कर 2025-26 में 127.65 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। डीडीओ ने बिजली मद में 16.19 करोड़ रुपये खर्च किए, जबकि यह भुगतान लखनऊ से होना था। लघु डाल नहर खंड में सींचपाल के 32 और सींचपाल पर्यवेक्षक के पांच पद स्वीकृत थे, जबकि सिर्फ 14 कर्मचारी कार्यरत थे, लेकिन ज्यादा कर्मचारी दिखाकर एरियर बिल तैयार किए गए।