मुंगेर जिले की मिट्टी और जलवायु केले की खेती के लिए अनुकूल मानी जाती है, लेकिन जिले के अधिकांश किसान अब भी धान और गेहूं की पारंपरिक खेती तक सीमित हैं। कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय कृषि विज्ञानी मुकेश कुमार के अनुसार, किसान पारंपरिक फसलों के साथ केले की खेती अपनाकर कम समय में बेहतर आमदनी पा सकते हैं। एक बीघा जमीन में केले की खेती से सालाना एक से डेढ़ लाख रुपये तक की आमदनी संभव बताई जाती है।

विशेषज्ञों के मुताबिक, बाजार में केले की मांग हमेशा बनी रहती है। इसमें कार्बोहाइड्रेट, पोटेशियम, कैल्शियम और फास्फोरस जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। केले की उन्नत किस्म जी-9 का पौधा करीब 15 रुपये में उपलब्ध है और रोपाई के लगभग नौ महीने बाद इसमें फल तैयार होने लगते हैं। कृषि विज्ञान केंद्र की ओर से जिले के किसानों को इसकी खेती के लिए जागरूक किया जा रहा है।

जिले में सदर प्रखंड के ऊपरी हिस्सों के अलावा जमालपुर, धरहरा, हवेली खड़गपुर, संग्रामपुर, टेटिया बंबर और तारापुर में केले की खेती की अच्छी संभावना है। हालांकि, जलजमाव वाले खेतों में इसकी खेती से बचना चाहिए। जिन खेतों में पानी की निकासी की उचित व्यवस्था हो, वहां किसान केले के पौधे लगा सकते हैं।

कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, केले की खेती के लिए उष्ण एवं उपोष्ण जलवायु तथा 20 से 35 डिग्री सेल्सियस तापमान उपयुक्त है। जैविक पदार्थों से भरपूर दोमट मिट्टी में इसकी पैदावार अच्छी होती है। मार्च से जुलाई तक पौधों की रोपाई की जा सकती है। जी-9 के अलावा ड्वार्फ कैवेंडिश, रोबस्टा, मालभोग, बसराई और चिनिया जैसी किस्में भी किसानों के लिए विकल्प हैं। खेत की दो से तीन बार जुताई कर समतल बनाने के बाद जलनिकासी के लिए नालियां तैयार करें और डेढ़ से दो मीटर की दूरी पर पौधे लगाएं। एक हेक्टेयर में करीब 2500 से 3500 पौधे लगाए जा सकते हैं। रोपाई के बाद नियमित सिंचाई के साथ गोबर खाद, नाइट्रोजन, फास्फोरस और पोटाश का प्रयोग कृषि विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार करना चाहिए।

प्रो. मुकेश कुमार के अनुसार, खगड़िया और नवगछिया के किसान बड़े पैमाने पर केले की खेती कर रहे हैं। मुंगेर के किसानों के पास भी अनुकूल जमीन और वातावरण उपलब्ध है, ऐसे में वे पारंपरिक खेती के साथ केले की खेती अपनाकर अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं।