भाजपा के पूर्व प्रवक्ता और रियलिटी शो राइज एंड फॉल सीजन 2 के विजेता शहजाद पूनावाला ने एक इंटरव्यू में दावा किया है कि एनसीपी (एसपी) की नेता और सांसद सुप्रिया सुले संसद में डिलिमिटेशन बिल का समर्थन करने जा रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इंडिया गठबंधन के कई अन्य नेता भी इस बिल का समर्थन करेंगे। पूनावाला ने यह बयान एक इंटरव्यू में दिया।

गौरतलब है कि अप्रैल महीने में संसद में डिलिमिटेशन बिल पेश किया गया था, लेकिन विपक्ष के विरोध के कारण यह पारित नहीं हो सका था। बिल को पारित करने के लिए दो तिहाई बहुमत की जरूरत होती है, जबकि उसे 298 वोट ही मिले थे। तब सरकार ने इसे महिला आरक्षण बिल के साथ पेश किया था, जिसके तहत लोकसभा में कुल सांसदों की संख्या बढ़कर 850 होनी थी, जिनमें से एक तिहाई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होतीं। विपक्ष ने दावा किया था कि इससे दक्षिण के राज्यों को सही प्रतिनिधित्व नहीं मिलेगा, जबकि सरकार ने सभी राज्यों में 50 फीसदी सीटें बढ़ाने का दावा किया था।

पूनावाला ने कहा कि कभी-कभी बड़े लक्ष्य को हासिल करने के लिए कॉमन मिनिमम प्रोग्राम बनाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि जैसे संसद में डिलिमिटेशन बिल पास होना है, तब सुप्रिया ताई भाजपा को समर्थन देंगी और इंडिया गठबंधन के बाकी लोग भी राष्ट्रीय हित में इसका समर्थन करेंगे।

इस बीच लंबे समय से अटकलें लग रही हैं कि मोदी सरकार संसद में एक बार फिर डिलिमिटेशन बिल ला सकती है और इसके लिए आंकड़े भी जुटा लिए गए हैं। सूत्रों के अनुसार इसमें सरकार की मदद डीएमके और महाराष्ट्र में शरद पवार की पार्टी कर सकती है। पिछले दिनों सुप्रिया सुले ने भी संकेत दिए थे कि उनकी पार्टी सैद्धांतिक रूप से भाजपा के उस प्रस्ताव का समर्थन करने को तैयार है, जिसमें प्रस्तावित डिलिमिटेशन के तहत हर राज्य में लोकसभा सीटों की संख्या 50 फीसदी बढ़ाने के साथ महिला आरक्षण लागू करने का प्रस्ताव है।