राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के संस्थापक शरद पवार के भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में शामिल होने की अटकलों के बीच महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और सुनेत्रा पवार की अगुवाई वाली NCP के वरिष्ठ नेता छगन भुजबल ने मंगलवार (24 नवंबर) को इस पर अपनी राय रखी। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि निजी तौर पर उन्हें नहीं लगता कि शरद पवार NDA में शामिल होंगे। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि किसी खास मुद्दे पर अगर शरद पवार को सही लगे, तो वह राजग नीत सरकारों या केंद्र सरकार का समर्थन कर सकते हैं। भुजबल ने कहा कि जब तक शरद पवार इस बारे में औपचारिक फैसला नहीं करते, तब तक NDA में शामिल होने की चर्चा महज अटकलें हैं।
परिसीमन विधेयक के मुद्दे पर भुजबल ने कहा कि उचित जांच-पड़ताल के बाद NCP (शरद पवार) इसका समर्थन कर सकती है। सुप्रिया सुले की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि अगर सुले और पार्टी को लगता है कि यह मुद्दा सही है और इस पर समर्थन दिया जाना चाहिए, तो वे इसके महत्व को समझने के बाद इसका समर्थन कर सकते हैं। बता दें कि इसी साल अप्रैल में लोकसभा में यह विधेयक पेश किया गया था, लेकिन दो तिहाई संख्या बल नहीं होने के कारण यह सदन में गिर गया था। फिलहाल केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार इसे संसद से पारित कराने के लिए सांसदों का जुगाड़ जुटाने में लगी है।
इस बीच सुप्रिया सुले ने उन खबरों को खारिज किया है, जिनमें अगले महीने जन्मदिन पर शरद पवार के सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने की अटकलें लगाई गई थीं। उन्होंने कहा कि उनके पिता अभी भी राज्यसभा के सदस्य हैं और उनका पांच साल का कार्यकाल बाकी है। वहीं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि शरद पवार के संन्यास पर चर्चा करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि पवार जीवन में कभी नहीं रुकेंगे और कुछ न कुछ सकारात्मक काम करते रहेंगे। फडणवीस ने कहा कि इस तरह की चर्चाओं का कोई आधार नहीं है और वह शरद पवार के अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हैं।
