बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की स्वदेश वापसी को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है। हसीना ने दिसंबर में वापस लौटने का ऐलान किया था और फिलहाल वह भारत में निर्वासित जीवन बिता रही हैं। उनकी संभावित वापसी को लेकर उनके समर्थकों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं और आवामी लीग पेत्रापोल सहित कई एंट्री प्लाइंट्स का जायजा ले रही है। पेत्रापोल उत्तर 24 परगना का इलाका है, जिसके दूसरी तरफ बांग्लादेश का बेनापोल है।
पश्चिम बंगाल से भाजपा विधायक स्वपन मजूमदार ने संकेत दिया कि शेख हसीना पेत्रापोल बॉर्डर के जरिए बांग्लादेश में दाखिल हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि वह दिन दूर नहीं है जब ऐसा होगा। मजूमदार ने आरोप लगाया कि बांग्लादेश में कुछ लोगों ने गैर-कानूनी तरीके से सरकार बना ली है और पूर्ववर्ती यूनुस सरकार ने विदेशी ताकतों के साथ हाथ मिलाकर लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकार को उखाड़ फेंका था। उन्होंने कहा कि दुनियाभर की मजबूत सरकारें शेख हसीना के साथ खड़ी हैं। हालांकि, हसीना किस तारीख को जाएंगी, इसकी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
शुभेंदु अधिकारी सरकार में मंत्री अशोक कीर्तानिया ने भी शेख हसीना का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि आवामी लीग नेता ने बांग्लादेश की जनता का काफी हद तक बचाव किया है और अब वहां लोगों को उनकी जरूरत है। कीर्तानिया ने बांग्लादेश में अलोकतांत्रिक तरीके से शेख हसीना की सरकार को हटाए जाने का विरोध किया और लोगों से इसके खिलाफ आंदोलन करने की अपील की। उन्होंने आवामी लीग के समर्थकों, नेताओं और महिला नेताओं से अपील की कि जिस दिन शेख हसीना बांग्लादेश लौटने वाली हों, उस दिन वे बांग्लादेश पहुंचें।
बता दें कि शेख हसीना दो साल से अधिक समय से भारत में निर्वासित जीवन व्यतीत कर रही हैं और लगातार बांग्लादेश लौटने की बात करती रही हैं। उन्होंने कहा था कि कुछ भी हो जाए, वह अपने देश लौटेंगी। इस पर तारिक रहमान सरकार ने साफ कहा था कि अगर हसीना बांग्लादेश लौटती हैं, तो उनके खिलाफ चल रहे मामलों को तेजी से पूरा किया जाएगा और उचित कार्रवाई की जाएगी। हसीना के खिलाफ नरसंहार के मामले भी चल रहे हैं।
