एचसीएल के संस्थापक शिव नादर और उनके परिवार ने वित्त वर्ष 2025-26 में 2,593 करोड़ रुपये का दान कर लगातार पांचवें साल भारत के सबसे बड़े परोपकारी परिवार का खिताब हासिल किया है। एडलगिव हुरुन इंडिया फिलैन्थ्रॉपी लिस्ट 2026 के अनुसार, परिवार ने औसतन हर दिन करीब 7.1 करोड़ रुपये दान किए। इस सूची में गौतम अदाणी और उनका परिवार 877 करोड़ रुपये के योगदान के साथ दूसरे स्थान पर रहा, जबकि बजाज परिवार 632 करोड़ रुपये के दान के साथ तीसरे नंबर पर रहा।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और उनके परिवार ने 620 करोड़ रुपये का योगदान दिया और चौथा स्थान हासिल किया। सूची में पांचवें स्थान पर नंदन नीलेकणि रहे, जिन्होंने 380 करोड़ रुपये दान किए। कुमार मंगलम बिड़ला और परिवार ने 366 करोड़ रुपये तथा साइरस और अदार पूनावाला ने 336 करोड़ रुपये का योगदान दिया।
शिव नादर ने साल 1976 में एचसीएल की स्थापना की थी। उनकी बेटी रोशनी नाडर मल्होत्रा एचसीएल टेक्नोलॉजीज की चेयरपर्सन हैं। कंपनी का बाजार पूंजीकरण करीब 3,64,825 करोड़ रुपये है, जो कंपनी का बाजार मूल्य है, किसी व्यक्ति की निजी संपत्ति नहीं।
रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025-26 में कुल 11,554 करोड़ रुपये के दान में से 4,188 करोड़ रुपये शिक्षा के लिए दिए गए, जो कुल दान का करीब 36 फीसदी है। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 1,768 करोड़ रुपये का योगदान किया गया, जो पिछले साल से 82 फीसदी अधिक है। कला, संस्कृति और विरासत के लिए 1,377 करोड़ रुपये तथा पर्यावरण और सतत विकास के लिए 813 करोड़ रुपये दान किए गए। इस साल सूची में 219 दानदाता शामिल हुए, जबकि पिछले साल यह संख्या 192 थी। रोहिणी नीलेकणि 215 करोड़ रुपये के योगदान के साथ देश की सबसे बड़ी महिला दानदाता बनीं।
