महाराष्ट्र के पुणे स्थित लाल महल का इतिहास छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन से जुड़ा है। पुणे जिला प्रशासन की वेबसाइट के अनुसार, 1630 में शिवाजी महाराज के पिता शाहजी भोसले ने अपनी पत्नी जीजाबाई और बेटे के रहने के लिए इस महल की स्थापना करवाई थी। शिवाजी महाराज ने अपने जीवन के शुरुआती कई साल इसी महल में बिताए। आगे चलकर यही जगह मराठा और मुगल संघर्ष की एक बड़ी घटना की गवाह बनी।
17वीं सदी में दक्कन क्षेत्र पर नियंत्रण को लेकर मुगलों और शिवाजी महाराज के बीच संघर्ष चल रहा था। औरंगजेब ने मराठा शक्ति पर लगाम लगाने के लिए अपने सेनापति शाइस्ता खां को दक्कन भेजा था। महाराष्ट्र राज्य गजेटियर के पूना जिला इतिहास के अनुसार, शाइस्ता खां ने 1662 में पुणे पर अधिकार किया और अगले साल लाल महल में रहने लगा था।
5 अप्रैल 1663 की रात शिवाजी महाराज ने लगभग 200 सैनिकों के साथ पुणे में मुगल ठिकाने पर धावा बोला। यह हमला गोपनीय रखा गया था। मराठा सैनिकों ने ऐसी रणनीति अपनाई कि वे मुगल सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर शाइस्ता खां के निवास तक पहुंच गए। अचानक किए गए हमले और स्थानीय रास्तों की जानकारी ने इस अभियान में अहम भूमिका निभाई।
रात के अंधेरे में मराठा सैनिक लाल महल के भीतर दाखिल हुए और मुगल खेमे में अफरा-तफरी मच गई। incredibleindia.gov.in के अनुसार, शाइस्ता खां ने छिपकर शिवाजी को मारने की कोशिश की, लेकिन शिवाजी ने उसका डटकर सामना किया। जब शाइस्ता खां को लगा कि वह जीत नहीं सकता, तो उसने एक खिड़की से भागने की कोशिश की और इसी दौरान शिवाजी ने उसकी उंगलियां काट दीं। इस घटना के बाद औरंगजेब ने शाइस्ता खां को दक्कन से हटाकर बंगाल भेज दिया। दिसंबर 1663 में उसका स्थानांतरण किया गया। इसके बाद शिवाजी महाराज ने 1664 में सूरत पर भी हमला किया था। आज पुणे के मध्य में स्थित लाल महल एक ऐतिहासिक स्मारक के रूप में जाना जाता है। वर्तमान इमारत मूल लाल महल नहीं है; मूल इमारत खंडहर में बदल गई थी और पुणे नगर निगम ने 1988 में इसका पुनर्निर्माण कराया था।
