श्रावस्ती जिले के खेतों में आधुनिक मशीनों से पराली एकत्र की जा रही है, जिससे किसानों को पराली जलाने की समस्या से राहत मिल रही है। रामपुर जिले की ढिल्लो एग्रो इंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड के मालिक बलविंदर सिंह 20 लोगों की टीम के साथ गिलौला क्षेत्र के 10-12 गांवों में किसानों से संपर्क कर उनके खेतों की पराली का मशीनों से प्रबंधन करा रहे हैं। एकत्रित पराली को गिलौली स्थित संकल्प जैविक फार्म हाउस में अमृत लाल वर्मा के यहां रखा जाता है, जहां से सीतापुर जिले की जिंद सीबीजी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी इसे खरीदकर ले जाती है।

किसान राम गोपाल कैराती ने बताया कि धान कटने के बाद पराली खेत में पड़ी रहने से अगली फसल की तैयारी में देरी होती है और इसे जलाने पर मुकदमे का डर भी रहता है। मशीनों से पराली उठना बड़ी राहत है। पराली पहले रोटरी स्लेशर से काटी जाती है, फिर उसे एक दिन सुखाने के लिए खेत में छोड़ दिया जाता है। इसके बाद रैकर मशीन से पराली को एक लाइन में समेटा जाता है और राउंड बेलर से करीब चार-चार क्विंटल के बड़े बंडल तैयार होते हैं। आटोमेटिक ट्राली से इनकी लोडिंग होती है, जिसमें मजदूरों की जरूरत नहीं पड़ती।

गिलौला क्षेत्र के ककंधू, बरदेहरा, गिलौली, उत्तमापुर, हन्नामार, रत्नापुर, केशवापुर पजावा, दूबकला और हुसैनपुर खुरुहरी समेत गांवों के किसानों के खेतों से पराली उठाई जा चुकी है। सात दिनों में करीब सात हजार क्विंटल पराली का प्रबंधन हुआ है। प्रतिदिन करीब 50 एकड़ खेतों की पराली एकत्र होती है और बड़े प्लाट मिलने पर यह क्षमता 60 से 65 एकड़ तक पहुंच जाती है।

कंपनी के मालिक ने बताया कि धान के बाद मक्के की पराली के प्रबंधन में भी काफी संभावनाएं हैं, क्योंकि मक्के की पराली अधिक निकलती है। धान और मक्के की पराली से बायोगैस बनाने के बाद अवशेष से जैविक खाद तैयार की जाती है।