सिलीगुड़ी में भक्तिनगर थाना क्षेत्र के इंदिरा गांधी मैदान के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग-10 के किनारे शुक्रवार दोपहर कचरे में लगभग एक फीट लंबी जंग लगी बेलनाकार धातु की वस्तु मिली, जिसे पुलिस ने मोर्टार सेल होने की पुष्टि की है। सूचना मिलने पर भक्तिनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके को घेरकर लोगों की आवाजाही रोक दी। पुलिस ने सेना को भी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद सेना के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

घटनास्थल उत्तर बंगाल पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय से करीब 100 मीटर पीछे सड़क किनारे खुले मैदान के पास है। संदिग्ध वस्तु को देखकर स्थानीय लोगों में भय और कौतूहल का माहौल पैदा हो गया, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

जानकारी के अनुसार, सेना के अधिकारियों की उपस्थिति में विस्फोटक को मौके से बरामद कर सुरक्षित स्थान पर ले जाया जाएगा, जहां उसे निष्क्रिय करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे इस तरह की विस्फोटक वस्तु मिलने से स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता व्याप्त है।

पुलिस और सेना यह जांच कर रहे हैं कि वह वस्तु वहां कहां से पहुंची। फिलहाल मामले की जांच जारी है।