बुधवार को सोने-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, चांदी 9,680 रुपए सस्ती होकर 1.43 लाख रुपए प्रति किलो पर आ गई, जो पिछले 13 महीनों का सबसे निचला भाव है। यह अपने 3.80 लाख रुपए के ऑलटाइम हाई से करीब 63% नीचे है। वहीं, 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 3,907 रुपए घटकर 1.21 लाख रुपए पर आ गया, जो अपने 1.76 लाख रुपए के ऑलटाइम हाई से करीब 32% कम है।
शेयर बाजार ने गिरावट की भरपाई की। सेंसेक्स 1,502 अंक चढ़कर 83,938 पर बंद हुआ और निफ्टी 470 अंक की बढ़त के साथ 25,819 पर पहुंचा। बाजार बंद होने पर सेंसेक्स इस साल के शुरुआती स्तर से सिर्फ 1.5% नीचे रहा।
सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी की संपत्ति की CBI और ED से जांच कराने के इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले को रद्द कर दिया। कोर्ट ने मामला हाईकोर्ट वापस भेजते हुए कहा कि पहले राहुल गांधी का पक्ष सुना जाए, फिर नए सिरे से फैसला किया जाए। कर्नाटक के भाजपा कार्यकर्ता एस. विग्नेश शिशिर ने 25 अप्रैल को हाईकोर्ट में याचिका दायर कर राहुल गांधी और उनके परिवार की संपत्ति की जांच की मांग की थी।
अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) ने भारत समेत 14 देशों पर नए शुल्क लगाने का प्रस्ताव दिया है, जिसमें भारत पर 25% तक टैरिफ का जिक्र है। प्रस्ताव में चीन पर सबसे ज्यादा 40% और वियतनाम पर 35% तक टैरिफ की बात कही गई है। आरोप है कि ये देश जरूरत से ज्यादा सामान बनाकर कम कीमत पर दुनिया में बेच रहे हैं।
