मुजफ्फरनगर पुलिस ने अमरोहा में साइबर ठगी का भंडाफोड़ करते हुए अंकुर सैनी, अक्षय अग्रवाल और अब्दुल मलिक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये ग्राहकों की आईडी पर दो सिम कार्ड जारी करते थे, जिनमें से एक ग्राहक को देते थे और दूसरा अपने पास रखकर साइबर ठगी में इस्तेमाल करते थे। इस गैंग के तार कंबोडिया से जुड़े बताए जा रहे हैं।

अमरोहा के टीपीनगर चौराहा पर कैनओपी लगाकर अब्दुल मलिक कई कंपनियों के सिम कार्ड पोर्ट करने और नए सिम बेचने का काम करता था। अंकुर सैनी भी इसी काम में शामिल बताया जा रहा है, जबकि अक्षय अग्रवाल डिस्ट्रीब्यूटर है। एक डिस्ट्रीब्यूटर के अनुसार, ये लोग ग्राहकों को लालच में फंसाकर उनकी आईडी पर दो सिम कार्ड जारी करते थे। सिम पोर्ट करने के लिए कोई पैसा नहीं लिया जाता था और एक महीने के लिए अनलिमिटेड डाटा भी दिया जाता था, वहीं नया सिम कार्ड 150 रुपये में जारी किया जाता था, जबकि सामान्य दाम 350 रुपये (कॉल व डाटा) और केवल कॉल के लिए 250 रुपये बताए गए।

बताया गया कि सिम पोर्ट करने या नया सिम जारी करने के लिए ग्राहक से उसकी आईडी की फोटो लेने के साथ ही उसका फोटो भी लिया जाता था। दो सिम कार्ड जारी करने के लिए ग्राहक की दो बार फोटो खींची जाती थी और यह कहकर दोबारा फोटो खिंचवाई जाती थी कि फोटो सही नहीं आया या सर्वर ने नहीं पकड़ा। इसी तरह आरोपी ग्राहक के नाम से दो सिम जारी कर लेते थे—एक ग्राहक को देते थे और दूसरा अपने पास रखकर साइबर ठगों को बेचने का काम करते थे।

पुलिस के अनुसार इस गैंग के तार कंबोडिया से संचालित साइबर ठगी से जुड़े हैं। मामले के सामने आने के बाद अमरोहा में सड़क किनारे कैनओपी लगाकर सिम पोर्ट करने और बेचने का धंधा करने वाले लोग फिर सवालों में घिर गए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि जिले में कई अन्य लोग भी इस तरह का धंधा कर रहे हैं और कई डिस्ट्रीब्यूटर के पास कॉल करके थोक में सिम कार्ड की मांग करते हैं।