मोहम्मद सिराज को लेकर कांग्रेस के अंदर ही मतभेद सामने आ गया है। पार्टी के सांसद इमरान मसूद ने आरोप लगाया था कि नाम के चलते सिराज को न्यूजीलैंड के खिलाफ नहीं खिलाया गया। अब उन्हीं की पार्टी की राज्यसभा सांसद रंजीत रंजन ने इस टिप्पणी की आलोचना की है और धर्म को खेल से अलग रखने की सलाह दी है।
रंजन ने कहा कि वह मसूद से विनम्र अनुरोध करती हैं कि धर्म और खेल को अलग रखा जाए। उनके मुताबिक खेल में दखलअंदाजी नहीं करनी चाहिए, क्योंकि खेल का अपना अलग क्षेत्र है। कांग्रेस सांसद ने कहा कि क्रिकेट के मानदंड अलग हैं और यहां अलग योग्यता चलती है। हर खिलाड़ी का अपना अलग संघर्ष है। उन्होंने यह भी कहा कि खेल या खिलाड़ियों को राजनीति का हिस्सा बनाना स्वीकार्य नहीं है।
गौरतलब है कि इमरान मसूद ने यह आरोप लगाकर विवाद खड़ा किया था कि क्रिकेटर मोहम्मद सिराज को धर्म के कारण न्यूजीलैंड शृंखला के लिए भारतीय टीम से बाहर रखा गया। सत्तारूढ़ भाजपा ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए मसूद पर राजनीतिक ध्रुवीकरण और तुष्टीकरण का आरोप लगाया। अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रीजीजू ने कहा कि भारत में किसी के साथ धर्म के आधार पर भेदभाव नहीं किया जाता और न ही किसी को अवसरों से वंचित रखा जाता है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने भी मसूद की टिप्पणी को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने एक्स पर कहा कि कांग्रेस ने भारतीय क्रिकेट टीम को भी अपनी वोट बैंक की राजनीति से नहीं छोड़ा और वह सांप्रदायिक है। उनके मुताबिक भारतीय जर्सी पहनने वाला हर व्यक्ति भारतीय है और कांग्रेस हमेशा राष्ट्रीय हितों से ऊपर वोट बैंक की राजनीति को रखती है। बता दें कि न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में सिराज को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली थी, जिस पर सुनील गावस्कर और रवि शास्त्री सहित कई पूर्व क्रिकेटरों ने सवाल उठाए थे।
