मोहम्मद सिराज को लेकर कांग्रेस के अंदर घमासान मच गया है। पार्टी के सांसद इमरान मसूद ने एक दिन पहले आरोप लगाया था कि नाम के चलते सिराज को न्यूजीलैंड के खिलाफ नहीं खिलाया गया। अब उन्हीं की पार्टी के राज्यसभा सांसद रंजीत रंजन ने मसूद की इस टिप्पणी की आलोचना की है और उन्हें धर्म को खेल से अलग रखने की सलाह दी है।
इस बीच भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने शनिवार को दावा किया कि वह कांग्रेस नेता सोनिया गांधी पर एक 'असली किताब' लिखेंगे। उन्होंने कहा कि किताब में इस बात का खुलासा होगा कि सोनिया गांधी मारुति की मालिक कैसे बनीं और नेशनल हेराल्ड कैसे खरीदा गया। 'एक्स' पर एक पोस्ट में दुबे ने यह भी कहा कि किताब में सोनिया गांधी और मेनका गांधी के बीच विवाद की 'असली वजहों' का खुलासा किया जाएगा।
बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी के तिलक समारोह में जनता दल यूनाइटेड के किसी बड़े नेता ने शिरकत नहीं की, जबकि इस मौके पर भाजपा के मंत्रियों का जमावड़ा लग गया। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, विजय सिन्हा, मिथिलेश तिवारी समेत अन्य नेता इस कार्यक्रम में नजर आए। बिहार के राजनीतिक गलियारों में इस पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
खेल की खबर में, वेलिंगटन टेस्ट के तीसरे दिन ओपनर केएल राहुल ने 290 गेंदों पर 136 रन की पारी खेली, जो उनका 13वां टेस्ट शतक है। राहुल सईद अनवर के बाद ऐसे दूसरे एशियाई ओपनर बन गए हैं, जिन्होंने दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट शतक लगाए हैं। राहुल ने बताया कि वह पिछले छह-सात महीनों से न्यूजीलैंड में टेस्ट क्रिकेट खेलने के बारे में सोच रहे थे।
अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट से पहले विवाद गहराता नजर आ रहा है। गायक से शराब, ड्रग्स और गन कल्चर को बढ़ावा देने वाले चार गाने न गाने की मांग की गई है। एक असिस्टेंट प्रोफेसर ने ऐसा न करने पर गुजरात हाई कोर्ट में अवमानना का केस दर्ज कराने की चेतावनी दी है। दावा किया गया है कि पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट पहले ही ऐसे गानों पर रोक लगा चुका है। सुरक्षा के लिए दो हजार पुलिसकर्मी, निजी गार्ड और छह सौ सीसीटीवी कैमरे तैनात किए गए हैं।
