हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में विवाह की अनूठी परंपराओं और बदलाव के बीच कफोटा क्षेत्र के एक अधिवक्ता ने संविधान को साक्षी मानकर विवाह किया है। शिलाई क्षेत्र के कफोटा के धाड़मा गांव निवासी एडवोकेट सुरेंद्र सिंह धर्मा और शिमला जिले की कुफवी तहसील के टंडाई गांव की हेमलता ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों से प्रेरित होकर पारंपरिक कर्मकांडों को अनिवार्य न मानते हुए यह विवाह किया। शादी के लिए न ज्योतिषी से मुहूर्त निकलवाया गया और न किसी विशेष नक्षत्र का इंतजार किया गया। दोनों ने आपसी सहमति से छुट्टी का दिन चुना और उसी दिन वैवाहिक जीवन की शुरुआत की। समारोह में दोनों ने संविधान को साक्षी मानकर एक-दूसरे को पति-पत्नी के रूप में स्वीकार किया और जीवनभर साथ निभाने की शपथ ली। इस दौरान बारात निकालने, मामा स्वागत और अन्य स्थानीय रीति-रिवाजों का पालन भी किया गया। दोनों परिवारों ने इस पहल का समर्थन किया। इस अवसर पर सुनील कुमार और विनोद आजाद ने सामाजिक सुधार के प्रयास जारी रखने और युवाओं को रूढ़ियों से आगे बढ़कर सकारात्मक बदलाव के लिए प्रेरित करने की बात कही।

इससे पहले जुलाई 2025 में शिलाई क्षेत्र में एक ऐसी शादी हुई थी, जिसने राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियां बटोरी थीं। क्षेत्र के दो सगे भाइयों प्रदीप नेगी और कपिल नेगी ने कुनहाट गांव की सुनीता चौहान के साथ विवाह किया था। इस विवाह को क्षेत्र की पारंपरिक जोड़ीदार प्रथा से जोड़कर देखा गया। हाटी समुदाय में प्रचलित बहुपति विवाह की इस परंपरा में एक महिला का विवाह एक ही परिवार के दो या अधिक भाइयों के साथ होता है। इसे संयुक्त परिवार और पैतृक जमीन के बंटवारे से जुड़ी ऐतिहासिक सामाजिक व्यवस्था के संदर्भ में भी समझा जाता है। इस विवाह की रस्में 12 से 14 जुलाई तक चली थीं।

इसी क्षेत्र में अक्टूबर 2025 में विवाह का एक और अलग उदाहरण सामने आया था। नैनीधार क्षेत्र के दो सगे भाइयों ने अलग-अलग युवतियों के साथ एक ही दिन विवाह किया था। इस समारोह में न पंडित बुलाया गया, न मंत्रोच्चारण हुआ और न ही पारंपरिक सात फेरे लिए गए। दोनों भाइयों और उनकी जीवनसंगिनियों ने संविधान की शपथ लेकर एक-दूसरे को जीवनसाथी स्वीकार किया। शादी के निमंत्रण पत्रों पर देवी-देवताओं के स्थान पर महात्मा बुद्ध, डॉ. भीमराव आंबेडकर और संत कबीर के चित्र प्रकाशित किए गए थे। हालांकि, बारात, वरमाला और मामा स्वागत जैसी रस्में निभाई गई थीं।

नवंबर 2026 में गिरिपार के शिल्ला गांव में एक ही परिवार के चार भाइयों की शादी भी चर्चा का विषय बनी। प्रताप चौहान के परिवार से जुड़े चार भाइयों ने एक ही दिन और एक ही शुभ मुहूर्त में विवाह किया। चारों की बारातें अलग-अलग गांवों में गईं और शाम को चारों दूल्हे अपनी जीवनसंगिनियों के साथ घर लौटे। इसके बाद एक ही आंगन में चारों नवविवाहित जोड़ों का स्वागत किया गया। बताया गया कि परिवार में पहले 38 सदस्य थे और चार बहुओं के आने के बाद यह संख्या 42 हो गई। इस आयोजन को संयुक्त परिवार की एकजुटता के उदाहरण के तौर पर देखा गया।