सीतामढ़ी जिले को करीब 887 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को वैशाली के राजापाकड़ प्रखंड के जाफरपट्टी में एक जनसभा के दौरान सड़क, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी इन योजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इन परियोजनाओं का सीधा लाभ सीतामढ़ी के साथ पूर्वी चंपारण, शिवहर और नेपाल सीमा तक के लोगों को मिलेगा।
सड़क क्षेत्र में करीब 611 करोड़ रुपये की लागत से एनएच 227 के चोरमा-बैरगनिया सेक्शन का 34.57 किमी हिस्सा टू लेन विद पेव्ड शोल्डर के रूप में तैयार हो गया है। यह सड़क भिट्ठामोड़ के रास्ते एनएच 28 को नेपाल बॉर्डर से जोड़ेगी और पूर्वी चंपारण व बैरगनिया के सुदूर गांवों को मुख्य सड़क से जोड़ेगी। इससे नेपाल से व्यापार, माल ढुलाई तथा किसानों और व्यापारियों को सीधा फायदा होगा।
लगभग 197.13 करोड़ रुपये की लागत से बने सीतामढ़ी वाटर सप्लाई प्रोजेक्ट से शहर के करीब 18,599 घरों में पाइप लाइन के जरिए 24 घंटे शुद्ध पानी मिलेगा। वहीं 70.19 करोड़ रुपये की लागत से 36 सीनियर सेकेंडरी एवं प्लस टू स्कूलों की नई इमारतें तैयार हैं, जिससे गांव के बच्चों को 11वीं और 12वीं की पढ़ाई के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और लड़कियों का ड्रॉप आउट घटेगा।
स्वास्थ्य के क्षेत्र में जिले के छह अस्पतालों को नया भवन मिलेगा। इनमें करीब 5.75 करोड़ रुपये से बना सीएचसी डुमरा, 0.43-0.43 करोड़ रुपये की लागत से सुरसंड के मरूकी, पुपरी, चोरौत व परिहार के पिपरा खुर्द के हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर और बथनाहा के महुआवा में 1.8 करोड़ रुपये से बना एपीएचसी शामिल हैं। वैशाली में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण समाहरणालय के परिचर्चा कक्ष में दिखाने की व्यवस्था की गई है। जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी कमल सिंह ने बताया कि लाइव प्रसारण की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
