प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को सिवान जिले को करीब 203 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात दी। वैशाली के बिदुपुर में कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्सलेन नीतीश सेतु के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान उन्होंने वीडियो स्ट्रीमिंग के जरिए सिवान की मत्स्य और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन किया।

जिले के तीन प्रखंडों में आर्द्रभूमि समेकित मत्स्य क्लस्टर विकास योजना की शुरुआत की गई है। इस पर 195.28 करोड़ रुपये खर्च होंगे और वित्तीय व्यवस्था फिशरीज इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट फंड के माध्यम से की जाएगी। योजना के तहत भगवानपुर हाट, गोरेयाकोठी और बसंतपुर प्रखंडों में करीब 3 हजार हेक्टेयर आर्द्रभूमि का विकास किया जाएगा। परियोजना में कुल 28 घटक शामिल हैं, जिनमें निजी और बायोफ्लॉक तालाबों का निर्माण, रीसर्क्युलेटरी एक्वाकल्चर सिस्टम (RAS), सोलर पंपसेट और सबमर्सिबल बोरिंग पंपसेट लगाना शामिल है। इसके अलावा मत्स्य बीज हैचरी, फीड मिल, कोल्ड स्टोरेज और आइस बॉक्स सहित तीन पहिया वाहनों के जरिए मछलियों को बाजार तक पहुंचाने की व्यवस्था से मत्स्य उत्पादन, रोजगार और मछली कारोबार को बढ़ावा मिलेगा। गोरियाकोठी के विधायक देवेशकांत सिंह ने इसके लिए काफी प्रयास किया था।

प्रधानमंत्री ने बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉर्पोरेशन लिमिटेड की ओर से जिले में तैयार सात स्वास्थ्य परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया, जिनकी कुल लागत करीब 8 करोड़ रुपये से अधिक है। इनमें 5.75 करोड़ रुपये की लागत से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महाराजगंज शामिल है। इसके अलावा 42.83 लाख रुपये की लागत से छह प्री-फैब हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर बनाए गए हैं, जो बड़हरिया प्रखंड के राछोपाली, भगवानपुर हाट के महना, ब्रह्मस्थान और बिठूना लकड़ी नबीगंज के जगतपुर तथा महाराजगंज के पिपरा खुर्द में स्थित हैं। इससे ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सेवा बेहतर होगी।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नगर परिषद सिवान के छह, नगर पंचायत महाराजगंज के दो और नगर पंचायत मैरवा के दो लाभुकों को गृह प्रवेश के लिए आवास की चाबी सौंपी गई। इस मौके पर बड़हरिया विधायक इंद्रदेव सिंह पटेल, जीरादेई विधायक भीष्म प्रताप सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष संगीता देवी, नगर परिषद अध्यक्ष शेम्पी देवी, बीस सूत्री उपाध्यक्ष चंद्रकेतु सिंह, संजय पांडेय, नगर परिषद उपाध्यक्ष किरण गुप्ता, डीएम विजय प्रकाश मीणा और एसपी भारत सोनी मौजूद रहे।