सोलन के आंजी स्थित देव भूमि सेंटर में शुक्रवार को पटवारी भर्ती परीक्षा देने पहुंचे सिख युवक जश्नदीप सिंह को कड़ा और कृपाण पहनने के कारण परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलने का आरोप सामने आया है। नाहन से परीक्षा देने आए जश्नदीप सिंह का कहना है कि उनसे कड़ा और कृपाण केंद्र के बाहर रखने को कहा गया, जो उनकी धार्मिक मान्यताओं के विरुद्ध है। इस पर उन्होंने आपत्ति जताई और परीक्षा देने से मना कर दिया।
जश्नदीप सिंह ने बताया कि इससे पहले भी वह कई परीक्षाएं दे चुके हैं और उन परीक्षाओं में कड़ा व कृपाण पहनकर शामिल हुए थे। लेकिन एचपीआरसीए द्वारा ली जा रही पटवारी भर्ती परीक्षा के दौरान उन्हें पहली बार इस तरह की स्थिति का सामना करना पड़ा।
हालांकि, परीक्षा केंद्र पर मौजूद अधिकारियों का कहना था कि सभी प्रतिभागियों का हर तरह का सामान बाहर रखवाने के दिशा-निर्देश हैं।
इस घटना के बाद सिख समुदाय में नाराजगी का माहौल है। समुदाय ने नियमों को लेकर अपनी आपत्ति जताई है।
