पुणे में वीर सावरकर के परपोते सात्यकी सावरकर ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की आत्मकथा 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' में सावरकर के कथित गलत चित्रण को लेकर उन्हें कानूनी नोटिस भेजा है। नोटिस में आपत्तिजनक टिप्पणी के दावे के समर्थन में सबूत मांगे गए हैं और 15 दिन के भीतर जवाब देने का समय दिया गया है।

सात्यकी सावरकर के वकील संग्राम कोल्हटकर के अनुसार किताब के पन्ना 201 और 443 पर वीर सावरकर के बारे में गलत जानकारी दी गई है। उन्होंने बताया कि नोटिस में बिना शर्त माफी, स्पष्टीकरण और सुधार की मांग की गई है। सोनिया गांधी कांग्रेस की लंबे समय तक राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुकी हैं और राज्यसभा की सांसद हैं।

वकील कोल्हटकर के मुताबिक अगर सोनिया गांधी की ओर से कोई जवाब नहीं आता है तो वे पुणे जिला अदालत में उनके खिलाफ याचिका दायर करेंगे। फिलहाल उनका पूरा ध्यान मानहानि, खासकर वीर सावरकर की मानहानि पर है। उन्होंने कहा कि कुछ अन्य कानूनी प्रावधान भी लागू हो सकते हैं, इसलिए अभी और शोध किया जा रहा है और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

इससे पहले महाराष्ट्र में शिवसेना (शिंदे गुट) सहित कई नेताओं ने किताब की इन टिप्पणियों का विरोध किया था और पन्नों को हटाने या राज्य में किताब पर प्रतिबंध लगाने की मांग उठाई थी। उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का केस करने वाले सात्यकी सावरकर ने अब सोनिया गांधी को यह नोटिस भेजा है।