इटली के लुसियाना में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के पुश्तैनी घर को म्यूजियम के रूप में संरक्षित किया गया है। यह जानकारी इस घर को खरीद चुके सुखदेव सिंह कांग ने अमृतसर में दी। उन्होंने गांधी परिवार को यह घर देखने के लिए आने का न्योता दिया है।
कांग के मुताबिक, यह जगह पर्यटकों को आकर्षित करती रहती है, खासकर केरलम से आने वाले भारतीय पर्यटक यहां पहुंचते हैं। पहले घर पर ताला लगा रहता था और चाबी परिवार के पास होती थी। अब जगह की देखरेख के लिए एक महिला केयरटेकर नियुक्त की गई है, जिससे पर्यटक अंदर जाकर घर देख सकते हैं और तस्वीरें ले सकते हैं।
कांग ने बताया कि इस संपत्ति को सोनिया गांधी की यात्रा दिखाने वाले म्यूजियम के रूप में विकसित किया गया है। इसमें इटली में उनके शुरुआती दौर से लेकर भारत में उनके राजनीतिक जीवन तक की कहानी दर्ज की जाएगी। गांधी परिवार की ओर से दी जाने वाली चीजें भी घर के अंदर रखी जाएंगी, जिससे पर्यटकों को उनके जीवन के बारे में अधिक जानने का मौका मिलेगा। कांग ने कहा कि यह म्यूजियम केवल सोनिया गांधी को समर्पित है और उनकी यादों को सहेजता है।
कांग ने कहा कि यह उनके परिवार और इटली के स्थानीय ग्रामीणों के लिए गर्व की बात है कि इसी साधारण घर में जन्म लेने वाली सोनिया गांधी भारत में बड़े सार्वजनिक पद तक पहुंचीं। उन्होंने कहा कि भारत से जुड़े लोगों का दूसरे देश में जाकर सफल होना गर्व की बात है। कांग ने ग्रामीणों की खुशी जताते हुए गांधी परिवार तक यह संदेश पहुंचाया कि वे घर देखने जरूर आएं।
