विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले के भव्य शुभारंभ की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 22 नवंबर की शाम पांच बजे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ऐतिहासिक मेले का विधिवत उद्घाटन करेंगे। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। उद्घाटन समारोह को यादगार बनाने के साथ ही विशिष्ट अतिथियों के स्वागत, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से संयुक्त आदेश जारी कर अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
समारोह में दोनों उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेन्द्र प्रसाद यादव के अलावा राजस्व, पर्यटन, कला-संस्कृति सहित विभिन्न विभागों के मंत्री, मुख्य सचिव और राज्य सरकार के कई वरीय अधिकारी शामिल होंगे। विशिष्ट अतिथियों के आवासन और स्वागत की व्यवस्था सोनपुर स्थित जिला परिषद डाकबंगला में की गई है। अतिथियों को पारंपरिक अंदाज में अश्वारोही दस्ते की अगवानी के बीच मुख्य समारोह स्थल तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए पायलट वाहन और सुरक्षा घेरे की व्यवस्था रहेगी। अतिथियों का प्रवेश मुख्य अतिथि द्वार से होगा और उन्हें जनसंपर्क विभाग के मुख्य पंडाल तक लाया जाएगा।
सोनपुर मेले में मनोरंजन और खान-पान का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। मेले में लगने वाले मौत के कुएं, रोमांचक खेल-तमाशे, झूले और तरह-तरह के मनोरंजन के साधन दर्शकों को आकर्षित करेंगे। खान-पान के शौकीनों के लिए भी स्वादिष्ट व्यंजनों की कई दुकानें सजेंगी। धार्मिक आस्था, व्यापार और लोक संस्कृति के साथ मनोरंजन का यह रंग मेले की रौनक को और खास बनाएगा।
मेले में मौत का कुआं हमेशा से दर्शकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा है, जिसमें मोटरसाइकिल और अन्य वाहनों से किए जाने वाले हैरतअंगेज करतब लोगों को रोमांचित करेंगे। बच्चों के लिए रंग-बिरंगे झूले और खेल आकर्षण का केंद्र बनेंगे। मेले में हर उम्र और हर वर्ग के लोगों के लिए मनोरंजन के साधन मौजूद रहते हैं। इस तरह हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला एक बार फिर आस्था, परंपरा, व्यापार, मनोरंजन और स्वाद के अनूठे संगम के रूप में लोगों को आकर्षित करेगा।
