दक्षिण एशिया के आठ देशों में लाखों महिलाएं और लड़कियां वैवाहिक बलात्कार से क़ानूनी सुरक्षा से वंचित हैं, क्योंकि इसे पूरी तरह अपराध घोषित नहीं किया गया है। एक नई स्टडी के मुताबिक़, इन देशों में जीवनसाथी की ओर से हिंसा के मामले वैश्विक औसत से 35% ज़्यादा हैं। दुनिया के 100 से ज़्यादा देशों में वैवाहिक बलात्कार को अपराध घोषित किया जा चुका है, लेकिन दक्षिण एशिया के बड़े हिस्से में ऐसा नहीं है। भारत, अफ़ग़ानिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश उन क़रीब तीन दर्जन देशों में शामिल हैं, जहां इसे अपराध नहीं माना गया है। दक्षिण एशिया में सिर्फ़ मालदीव ऐसा देश है, जहां शादी के भीतर बलात्कार के लिए वही सज़ा दी जाती है, जो अन्य बलात्कार के मामले में दी जाती है।

महिला अधिकार संगठनों के गठबंधन साउथ एशियन मूवमेंट फ़ॉर एक्सेसिंग जस्टिस (समाज) की स्टडी के मुताबिक़, नेपाल और भूटान ने वैवाहिक बलात्कार को अपराध घोषित किया है, लेकिन इसमें कम सज़ा का प्रावधान है। समाज का हिस्सा रहे वैश्विक महिला अधिकार संगठन इक्वैलिटी नाउ की रंजीता सिलवाल कहती हैं कि दक्षिण एशिया में वैवाहिक बलात्कार से जुड़े क़ानूनों की जड़ें मुख्य रूप से ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन में हैं। भारत और बांग्लादेश में यह क़ानून 1860 का है, जबकि श्रीलंका में 1885 का। इन क़ानूनों में बलात्कार के कुछ अपवाद बताए गए हैं, जिनमें किसी पुरुष का अपनी वयस्क पत्नी के साथ यौन संबंध बनाना भी शामिल है। अभियान चलाने वाले लोगों का कहना है कि यह क़ानून पुराना पड़ चुका है और जबरन बनाया गया यौन संबंध बलात्कार है, चाहे ऐसा करने वाला कोई भी हो।

ब्रिटेन ने 1991 में अपना क़ानून बदला था, लेकिन भारत, श्रीलंका और बांग्लादेश में अब भी यह छूट बरकरार है। पाकिस्तान ने 2006 में वैवाहिक बलात्कार को लेकर क़ानून में मौजूद अपवाद हटा दिया था, लेकिन किसी भी उच्च अदालत ने अब तक यह पुष्टि नहीं की है कि बलात्कार से जुड़े क़ानून शादी के भीतर भी लागू होते हैं। हाल ही में हाई कोर्ट के एक फ़ैसले में पतियों को बिना सहमति के यौन संबंध बनाने के मामले में काफ़ी हद तक छूट दे दी गई। 2021 में सत्ता में लौटने के बाद से अफ़ग़ानिस्तान में तालिबान ने महिलाओं को मिले अधिकारों और सुरक्षा को धीरे-धीरे ख़त्म किया है। सिलवाल कहती हैं कि जनवरी में लागू की गई नई दंड संहिता ने स्थिति को और ख़राब कर दिया है। इसके तहत किसी पति पर अपनी पत्नी के साथ हिंसा करने के लिए तभी मुक़दमा चलाया जा सकता है, जब उसे हड्डी टूटने, खुले घाव या गंभीर चोट के निशान जैसी चोटें आई हों। दोषी पाए जाने पर भी पति को सिर्फ़ 15 दिन की जेल हो सकती है।

यह रिपोर्ट ऐसे समय आई है, जब पूरे दक्षिण एशिया में वैवाहिक बलात्कार को लेकर बहस फिर तेज़ हो गई है। भारत में इस क़ानून को चुनौती देने वाली 10 याचिकाएं सुप्रीम कोर्ट में लंबित हैं और 9 दिसंबर से इन पर अंतिम सुनवाई शुरू होनी है। पिछले कुछ वर्षों में अदालतों ने इस मुद्दे पर अलग-अलग फ़ैसले दिए हैं। पिछले साल एक अदालत ने एक ऐसे व्यक्ति को बरी कर दिया था, जिसकी पत्नी की मौत उसके साथ बेरहमी से बलात्कार किए जाने के बाद हुई थी, जिस पर काफ़ी नाराज़गी जताई गई थी। भारत सरकार, धार्मिक संगठनों और पुरुष अधिकार कार्यकर्ताओं ने इन याचिकाओं का विरोध किया है। उनका कहना है कि वैवाहिक बलात्कार को अपराध घोषित करना "बेहद सख़्त" क़दम होगा। बांग्लादेश में भी अधिकार समूहों ने क़ानून में मौजूद अपवाद को चुनौती दी है।