विधानसभा चुनाव 2027 के लिए समाजवादी पार्टी की ओर से संविधान दिवस पर जारी 'जन-मन के मैनिफेस्टो' पर भाजपा और बसपा ने सवाल उठाए हैं। अयोध्या में विपक्षी दलों के नेताओं ने घोषणा पत्र को चुनावी हथकंडा बताते हुए सपा के पुराने कार्यकाल और नीतियों पर निशाना साधा है।

रुदौली विधायक रामचंद्र यादव ने कहा कि सपा चाहे जितने घोषणा पत्र जारी कर ले, प्रदेश की जनता को अब उस पर भरोसा नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के शासनकाल में अराजकता और अपराध को बढ़ावा मिला और यह घोषणा पत्र जनता को गुमराह करने वाला है।

भाजपा क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश पांडेय बादल ने घोषणा पत्र को झूठ और छलावे का ढकोसला पत्र बताया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि संविधान दिवस की पूर्व संध्या पर सपा नेता के बयान से साफ हो गया है कि सपा सरकार बनने पर गुंडा दल का गठन किया जाएगा।

बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने सपा के घोषणा पत्र को जुमले वाला करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि संविधान दिवस पर घोषणा पत्र जारी करना चुनावी हथकंडा है। उन्होंने कहा कि बसपा कभी घोषणा पत्र जारी नहीं करती, उसका घोषणा पत्र बाबा साहेब का संविधान है।

अयोध्या के बसपा प्रभारी सुरेश यादव ने सपा के पुराने शासनकाल का हवाला देते हुए कानून-व्यवस्था और रोजगार के मुद्दे पर घेरा। उन्होंने कहा कि जनता अब इनके झांसे में नहीं आने वाली।