विधान परिषद सदस्य डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल ने समाजवादी पार्टी के चुनावी घोषणापत्र को दलित विरोधी और छलावा बताया है। उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि घोषणापत्र में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर का जिक्र तक नहीं है, जबकि पार्टी कार्यक्रमों में आंबेडकर का नाम लेकर दलितों को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है।
डॉ. निर्मल ने कहा कि अखिलेश यादव अपने कार्यकाल में डॉ. आंबेडकर सहित दलित महापुरुषों के नाम हटाए जाने के मामले पर खामोश हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि घोषणापत्र में ठेकेदारी में दलितों का आरक्षण समाप्त किए जाने पर माफी मांगने की बात भी नहीं है। इसी तरह दलितों को प्रोन्नति में आरक्षण देने संबंधी विधेयक फाड़े जाने और करीब दो लाख दलित कर्मचारियों को रिवर्ट किए जाने पर भी कोई खेद नहीं जताया गया है।
एमएलसी ने कहा कि सपा सरकार ने नई राजस्व संहिता के माध्यम से ग्राम पंचायत की जमीनों के पट्टे आवंटन में दलितों की प्राथमिकता समाप्त कर दी थी। घोषणापत्र में इस व्यवस्था की बहाली का भी कोई आश्वासन नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि दलितों की जमीनों की सुरक्षा को लेकर भी कोई स्पष्ट भरोसा नहीं दिया गया है।
25 लाख नौकरियों के वादे पर सवाल उठाते हुए डॉ. निर्मल ने कहा कि पार्टी ने अपने पांच साल के शासनकाल में एक लाख से भी कम नौकरियां दी थीं। उन्होंने पूछा कि जब प्रदेश में इतने सरकारी पद उपलब्ध नहीं हैं तो सपा 25 लाख नौकरियां कैसे देगी? क्या इसके लिए नए पद सृजित किए जाएंगे या यह केवल वोट हासिल करने के लिए किया गया लोकलुभावन वादा है? उन्होंने कहा कि पूरे घोषणापत्र में पीडीए के हित की कोई बात नहीं की गई है।
