लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में बड़े वादे किए हैं। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पीडीए के प्रणपत्र में वादा किया है कि सरकार बनने पर स्नातक पास बेरोजगार युवाओं को 5000 रुपये का बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा। पार्टी ने पिछले दिनों युवाओं के मुद्दों को जोरदार तरीके से उठाया था और जंतर मंतर पर हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान युवाओं को साधने की कोशिश की थी। अब घोषणा पत्र में युवाओं के मुद्दे पर यह बड़ा वादा किया गया है।

घोषणा पत्र के मुताबिक, सरकार बनने के बाद युवाओं के रोजगार पर विशेष फोकस किया जाएगा। पहली कैबिनेट बैठक में 10 लाख सरकारी पदों को तत्काल भरने का निर्णय लिए जाने का दावा किया गया है। अखिलेश यादव ने सभी स्नातक पास युवाओं को कौशल विकास के जरिए रोजगार की गारंटी का वादा किया है। घोषणा पत्र में कहा गया है कि ऐसे युवाओं को जब तक अच्छा रोजगार नहीं मिल जाता, तब तक 5000 रुपये बेरोजगारी भत्ता दिए जाने की व्यवस्था की जाएगी।

समाजवादी पार्टी ने घोषणा पत्र में रोजगार गारंटी का भी वादा किया है। प्रगतिशील ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत साल में कम से कम 150 दिनों का रोजगार दिए जाने की बात कही गई है। वहीं, शहरी रोजगार गारंटी अधिनियम भी तैयार किए जाने की बात घोषणा पत्र में कही गई है।

शहरी रोजगार गारंटी के तहत युवा पुरुषों एवं महिलाओं को तब तक न्यूनतम आय सुनिश्चित करने तक लाया जाएगा, जब तक उन्हें कोई सुरक्षित काम या रोजगार नहीं मिल जाता है। सरकार बनने की स्थिति में सपा ने सरकारी एवं निजी क्षेत्रों में रोजगार पैदा करने के लिए विस्तृत रोडमैप तैयार करने की बात कही है।