उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को अपना घोषणापत्र जारी किया। पार्टी ने युवाओं को हर महीने 5,000 रुपए बेरोजगारी भत्ता देने का ऐलान किया है। इसके अलावा बुजुर्ग महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपए और डेढ़ लाख शिक्षा मित्रों को शिक्षकों के बराबर वेतन देने का वादा भी घोषणापत्र में शामिल है।

अखिलेश यादव ने 2022 के किसान कर्जमाफी, एमएसपी, रोजगार और पेंशन जैसे वादे फिर दोहराए हैं। इस बार रकम बढ़ाई गई है। 2022 में जरूरतमंद महिलाओं को सालाना 18 हजार रुपए पेंशन का वादा किया गया था, जबकि इस बार बुजुर्ग महिलाओं, मजदूरों और कारीगरों को 40 हजार रुपए सालाना देने की बात कही गई है।

इस बीच, केंद्र सरकार ने संसद के दोनों सदनों की एक-एक दिन की बैठक बुलाई है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर 2026 को होगी। दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर तक खत्म हो सकती है। महिला आरक्षण कानून लागू करने के लिए परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक पर संसद में चर्चा की अटकलें हैं, हालांकि सरकार ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है।

तिरुपति मंदिर में चेन्नई के एक भक्त ने गुरुवार को 121 किलो सोने के आभूषण दान किए, जिनकी कीमत करीब 208 करोड़ रुपए है। यह दान वर्धमान जैन और उनकी पत्नी राधिका जैन ने दिया। दान में 9 सेट में रखे 45 जेवर और 238.2 कैरेट के हीरे शामिल हैं। दंपती ने भगवान वेंकटेश का मुकुट और पैरों के आभूषण भी चढ़ाए। तिरुमला देवस्थानम के मुताबिक, किसी एक भक्त की ओर से दिया गया यह अब तक का सबसे बड़ा चढ़ावा है।