बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री श्रीदेवी के निधन को आठ साल बीत चुके हैं, लेकिन यह मामला समय-समय पर चर्चा में आता रहता है। 2018 में दुबई में हुई उनकी मौत पर अब उस वक्त UAE में भारत के राजदूत रहे नवदीप सिंह सूरी ने बात की है। न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में उन्होंने कहा कि उस घटना के समय उन्हें किसी साजिश या गड़बड़ी का संकेत नहीं मिला था। उनके अनुसार यह एक दुखद हादसा था।
सूरी ने बताया कि श्रीदेवी की मौत की खबर आते ही उन्होंने अपना कार्यक्रम बदल दिया, क्योंकि उन्हें लगा कि मामले में बड़ा घटनाक्रम हो सकता है। वे बोनी कपूर और परिवार के अन्य सदस्यों से मिलने पहुंचे। उन्होंने बताया कि परिवार के लोग गहरे सदमे में थे और उनकी सबसे बड़ी चिंता श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द मुंबई लाना था। परिवार को उम्मीद थी कि जरूरी कानूनी प्रक्रिया कुछ घंटों में पूरी हो जाएगी।
पूर्व राजदूत ने कहा कि शुरुआत में किसी तरह की संदिग्ध बात नजर नहीं आई थी, लेकिन भारतीय टीवी चैनलों पर लगातार अलग-अलग तरह की खबरें और अटकलें चलने लगीं। उनके मुताबिक इससे मामले को लेकर अलग माहौल बन गया और दुबई के अधिकारियों पर जांच को और विस्तार से करने का दबाव पड़ा। अधिकारियों ने पोस्टमार्टम, जरूरी मेडिकल जांच और लोगों से पूछताछ जैसी प्रक्रियाएं कीं, जिनमें बोनी कपूर से भी पूछताछ हुई। इन प्रक्रियाओं के कारण पार्थिव शरीर को भारत लाने में देरी हुई।
सूरी ने कहा कि इस केस में जांच सामान्य थी और इसमें हुई देरी भी सामान्य थी। उन्होंने साफ किया कि पार्थिव शरीर को वापस भेजने में देरी का मतलब यह नहीं था कि कोई बड़ी साजिश हुई थी। उन्होंने टीवी चैनलों की कवरेज की आलोचना करते हुए कहा कि घटना को लेकर जरूरत से ज्यादा सनसनी फैलाई गई और उन्हें खुद सामने आकर स्थिति स्पष्ट करनी पड़ी।
