श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में राजस्थान और पंजाब पुलिस ने संयुक्त अभियान के दौरान गुरदासपुर से चौथे आरोपी रविंदर सिंह उर्फ रोहित को गिरफ्तार किया है। आरोपी एक पुलिसकर्मी का बेटा बताया जा रहा है। उसके पिता कुलदीप सिंह थाना दोरांगला में तैनात हैं। मामले की जांच अब एनआईए को सौंप दी गई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रविंदर सिंह इस मामले में पहले पकड़े गए आरोपियों महकदीप कौर और दविंदर सिंह का दोस्त है और तीनों एक ही स्कूल में पढ़ते थे। आरोपी से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस घटना में उसकी क्या भूमिका रही है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने जांच के हर पहलू को तेज कर दिया है।
गौरतलब है कि राजस्थान के श्रीगंगानगर में 3 नवंबर को भारत-पाक सीमा के पास रेलवे ट्रैक पर विस्फोट हुआ था। जांच के बाद एजेंसियों ने इसे आतंकी घटना माना और गृह मंत्रालय ने इस मामले की जांच एनआईए को सौंप दी। श्रीगंगानगर पुलिस कुछ दिनों में मामले की फाइल तैयार कर एनआईए अधिकारियों को सौंपेगी।
इस मामले में अब तक गुरदासपुर से महकदीप कौर, दविंदर सिंह और हरदीप सिंह को गिरफ्तार किया जा चुका है। चौथे आरोपी को भी एनआईए के हवाले किया जाएगा। इस गिरफ्तारी को जांच एजेंसियों के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है।
