श्रीनगर लोकसभा सीट आगा सैयद रूहुल्लाह मेहदी के इस्तीफे से रिक्त हो गई है। उम्मीद है कि उत्तर प्रदेश और पंजाब के चुनावों के साथ यहां उपचुनाव होगा। यह चुनाव नेशनल कांफ्रेंस के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बन सकता है, क्योंकि अब्दुल्ला परिवार की सियासी ताकत की परीक्षा इस सीट पर होगी।
टीवी पत्रकार निधि राजदान से शादी के बाद उमर अब्दुल्ला सुर्खियों में हैं। हाल ही में वह सोनिया गांधी के एक बुक लॉन्च कार्यक्रम में निधि राजदान के साथ पहुंचे थे। घाटी की राजनीति में सबसे ज्यादा चर्चा इस बात पर है कि नेशनल कांफ्रेंस श्रीनगर सीट से किसे उतारेगी।
आगा सैयद रूहुल्लाह मेहदी ने फारूक अब्दुल्ला की तीखी टिप्पणी के बाद नेशनल कांफ्रेंस छोड़कर सांसदी से इस्तीफा दिया था। माना जा रहा है कि वह चुनाव में उतरेंगे और अगर विपक्ष के दूसरे दलों का समर्थन मिला तो अब्दुल्ला परिवार के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकते हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने नेशनल कांफ्रेंस के उम्मीदवार के तौर पर बड़ी और एकतरफा जीत हासिल की थी।
2024 के चुनाव में जम्मू-कश्मीर की पांच लोकसभा सीटों में से दो नेशनल कांफ्रेंस और दो बीजेपी ने जीती थीं, जबकि एक सीट पर निर्दलीय को जीत मिली थी। श्रीनगर सीट पर अब तक दो उपचुनावों सहित कुल 16 चुनाव हुए हैं, जिनमें 13 बार नेशनल कांफ्रेंस को जीत मिली है। एक-एक बार निर्दलीय, कांग्रेस और पीडीपी को सफलता मिली है। इस सीट से फारूक अब्दुल्ला चार बार और उमर अब्दुल्ला तीन बार जीते हैं। 1977 में फारूक अब्दुल्ला की मां बेगम अकबर जहां अब्दुल्ला भी इस सीट से जीती थीं और वह अब तक श्रीनगर से जीतने वाली इकलौती महिला सांसद हैं।
