श्रीनगर में वक्फ बोर्ड के एक कार्यक्रम में वंदे मातरम बजाए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सोमवार को हुए इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू मौजूद थे। पूरा वंदे मातरम बजने के दौरान मंच पर मौजूद मुस्लिम धर्मगुरुओं सहित सभागार में बैठे लोगों ने खड़े होकर इसे गाया। इसके बाद कुछ मौलवियों और मजहबी नेताओं ने मुद्दे को तूल देना शुरू कर दिया।

मौलाना मुफ्ती सैयद बशारत रिजवी बरकती ने कथित तौर पर कार्यक्रम में शामिल लोगों को इस्लाम से बाहर करने और उनका निकाह खारिज होने की बात कही। उन्होंने ऐसे लोगों को दोबारा कलमा पढ़ने की सलाह दी। उन्होंने वंदे मातरम को सनातन धर्म के कीर्तन से जोड़ते हुए कथित तौर पर कहा कि इसे गाना एक कीर्तन है। मंगलवार को कुछ मौलवियों ने नमाज पढ़कर तौबा भी की।

मुत्तहिदा मजलिस-ए-उलेमा (एमएमयू) ने सरकारी कार्यक्रमों और शिक्षण संस्थानों में वंदे मातरम बजाने का विरोध करने की घोषणा की है। वहीं कश्मीर के कुछ इस्लामिक विद्वानों ने इस विरोध को अनुचित बताया है। तहरीक-ए-सौतुल-औलिया के अध्यक्ष मौलाना अब्दुल रशीद दाउदी ने कहा कि जो लोग इस मुद्दे पर हंगामा और फतवे दे रहे हैं, वे खुद अंधेरे में हैं। उन्होंने कहा कि वे प्रोटोकॉल के तहत वंदे मातरम के समय खड़े थे और अगर इबादत की नीयत के बिना खड़े होना कुफ्र है तो कोई एक फतवा लाए।

सनातन धर्म सभा ने मौलाना बशारत की टिप्पणियों पर रोष जताया है। सभा ने वंदे मातरम को कीर्तन से जोड़ने को आपत्तिजनक बताते हुए कहा कि हर समुदाय को अपनी धार्मिक परंपराओं के अनुसार गतिविधियां करने का अधिकार है। सभा ने प्रशासन से मौलाना की कथित टिप्पणी की खुली और निष्पक्ष जांच की मांग की है।