पांचवीं पीढ़ी के स्टील्थ लड़ाकू विमानों को विकसित करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है, लेकिन इन्हें हर समय युद्ध के लिए तैयार रखना वायुसेनाओं के लिए उतना ही कठिन काम है। चीन के चेंगदू जे-20 को इस चुनौती का स्पष्ट उदाहरण बताया गया है। चीनी शोधकर्ताओं के एक हालिया अध्ययन में पाया गया कि रडार तरंगों को सोखने वाली सामग्री यानी रडार-एब्जॉर्बिंग मटेरियल में थोड़ी सी भी खराबी स्टील्थ विमान की रडार से बचने की क्षमता को कमजोर कर सकती है।
इंटरेस्टिंग इंजीनियरिंग के अनुसार, प्रयोगशाला परीक्षणों में शोधकर्ताओं ने पाया कि प्रायोगिक रडार-रोधी कोटिंग के महज 10 प्रतिशत हिस्से के खराब होने से उस सामग्री से टकराकर वापस लौटने वाली माइक्रोवेव ऊर्जा की मात्रा लगभग दोगुनी हो गई। शोधकर्ताओं ने कार्बोनिल आयरन पाउडर और सिलिकॉन रेजिन से बनी मिश्रित सामग्री को टाइटेनियम मिश्र धातु की प्लेटों पर लगाकर 2 से 18 गीगाहर्ट्ज तक की फ्रीक्वेंसी पर इसका परीक्षण किया। प्रयोगों में सतह पर पड़ने वाली हल्की खरोंचों का असर सीमित रहा, लेकिन गहरी घिसावट और कोटिंग के उखड़ने से रडार तरंगों को सोखने की क्षमता काफी कमजोर हो गई। कोटिंग के कुछ हिस्से उखड़ने पर नीचे की धातु बाहर दिखने लगी, जिससे अधिक इलेक्ट्रोमैग्नेटिक ऊर्जा परावर्तित हुई और तरंगों का बिखराव व डिफ्रैक्शन भी बढ़ गया।
अध्ययन में स्पष्ट किया गया है कि इसमें जे-20 विमान पर इस्तेमाल होने वाली वास्तविक स्टील्थ कोटिंग का परीक्षण नहीं किया गया था। इसने केवल यह दर्शाया कि रडार-रोधी सामग्री को होने वाला नुकसान उसके प्रदर्शन को कैसे प्रभावित कर सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार, स्टील्थ विमानों की असली कठिनाई यह है कि उनकी उन्नत क्षमताएं कई जुड़े हुए सिस्टम पर निर्भर करती हैं, जिन्हें हर समय सुचारू रूप से काम करना जरूरी है। पारंपरिक विमानों के विपरीत, इनमें इंजन, हथियार और एवियोनिक्स के अलावा उन खासियतों को बनाए रखने के लिए भी विशेष रखरखाव की जरूरत होती है जो उन्हें रडार से छिपाए रखती हैं।
अमेरिकी वायुसेना के एफ-22 रैप्टर का उदाहरण देते हुए बताया गया है कि उसकी रडार-रोधी कोटिंग केवल पेंट की बाहरी परत नहीं, बल्कि सामग्रियों की एक विशेष प्रणाली है, जिसे सावधानी से लगाना, जांचना और मरम्मत के बाद फिर से बहाल करना पड़ता है। इसी तरह, एफ-35 लाइटनिंग II पर अमेरिकी सरकारी जवाबदेही कार्यालय (GAO) की जून 2026 की एक रिपोर्ट के अनुसार, एफ-35 बेड़े की मिशन-कैपेबल रेट वित्त वर्ष 2021 के 67 प्रतिशत से घटकर वित्त वर्ष 2025 में 44 प्रतिशत रह गई, जबकि फुल मिशन-कैपेबल रेट 38 प्रतिशत से गिरकर 25 प्रतिशत पर आ गई। जीएओ ने इसके पीछे स्पेयर पार्ट्स की कमी, पुर्जों की मरम्मत में देरी, जंग लगने और रखरखाव के अप्रभावी तरीकों को प्रमुख कारण बताया है।
