भारत में आर्थिक स्थिति और मृत्यु के जोखिम के संबंध पर एक अध्ययन में अहम निष्कर्ष सामने आए हैं। Demographic Research नामक पीयर-रिव्यू जर्नल में प्रकाशित इस अध्ययन को मैक्स प्लैंक इंस्टीट्यूट फॉर डेमोग्राफिक रिसर्च के मोरध्वज धाकड़ और इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर पॉपुलेशन साइंसेज (IIPS) की नंदिता सैकिया ने किया है। शोधकर्ताओं ने राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (NFHS) के 1998-99, 2015-16 और 2019-21 के आंकड़ों का विश्लेषण किया। अध्ययन 15 से 59 वर्ष की आयु के लोगों की मृत्यु के आंकड़ों पर आधारित है।

अध्ययन के मुताबिक, सबसे अमीर 20 फीसदी परिवारों के पुरुषों में सबसे गरीब 20 फीसदी परिवारों के पुरुषों की तुलना में मौत का जोखिम 62 फीसदी कम पाया गया, जबकि महिलाओं में यह अंतर 42 फीसदी रहा। जाति, धर्म, ग्रामीण-शहरी निवास और राज्यों के अंतर को ध्यान में रखने के बाद भी आर्थिक स्थिति का यह असर बना रहा। आंकड़ों के अनुसार, सबसे गरीब परिवारों में प्रति 1000 पुरुषों पर मृत्यु की संभावना 280 थी, जो सबसे अमीर परिवारों में 158 रही। महिलाओं में यह आंकड़ा क्रमश: 157 और 87 था।

2019-21 के आंकड़ों में अनुसूचित जाति के पुरुषों में मृत्यु की संभावना प्रति 1000 पर 256, अनुसूचित जनजाति के पुरुषों में 254 और ऊंची जाति के हिंदू पुरुषों में 197 रही। अध्ययन में सामने आया कि तीनों सर्वेक्षण दौर में मुस्लिम पुरुषों में ऊंची जाति के हिंदू पुरुषों की तुलना में वयस्क मृत्यु का जोखिम लगातार कम रहा। 2019-21 में आर्थिक स्थिति, निवास स्थान और राज्य के अंतर को ध्यान में रखने के बाद भी मुस्लिम पुरुषों में यह जोखिम 21 फीसदी कम था। शोधकर्ताओं ने संभावित कारणों में मुस्लिम वयस्कों में शराब का कम सेवन और कई राज्यों में मुस्लिम आबादी का अधिक शहरीकरण बताया है। हालांकि, मुस्लिम महिलाओं और ऊंची जाति की हिंदू महिलाओं के मृत्यु जोखिम में कोई महत्वपूर्ण अंतर नहीं मिला।

अध्ययन में यह भी सामने आया कि पिछले दो दशक में महिलाओं की वयस्क मृत्यु दर में पुरुषों की तुलना में तेजी से सुधार हुआ है। 1998-99 में महिलाओं की मृत्यु की संभावना प्रति 1000 पर 208 थी, जो 2019-21 में घटकर 125 रह गई, यानी करीब 40 फीसदी की कमी। इसी अवधि में पुरुषों की मृत्यु की संभावना 268 से घटकर 221 हुई। शोधकर्ताओं ने 2015-16 से 2019-21 के बीच पुरुषों की मृत्यु दर बढ़ने का बड़ा कारण कोरोना महामारी के दौरान अतिरिक्त मौतें और कामकाज से जुड़ी जोखिमपूर्ण परिस्थितियों को बताया है।