सुकमा जिले की कोंटा विधानसभा सीट के विधायक कवासी लखमा के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों से नजर नहीं आने का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत गोंडपल्ली, गोंडेरास और अफड़ी के सरपंचों ने जिला कलेक्टर को आवेदन सौंपकर विधायक की क्षेत्र में मौजूदगी और ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर चिंता जताई है। सरपंचों का दावा है कि कवासी लखमा लगभग दो साल से क्षेत्रीय दौरे और सार्वजनिक कार्यक्रमों में नहीं दिखे, जिससे आम जनता को अपनी समस्याएं बताने में कठिनाई हो रही है।

कलेक्टर को दिए लेटर में सरपंचों ने लिखा है कि क्षेत्र में सड़क, पानी, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और वन अधिकारी से जुड़ी अनेक जनसमस्याएं लंबित हैं, जिनके निराकरण के लिए जनता को विधायक की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जनता में यह जिज्ञासा और चिंता है कि कोंटा विधायक के गुमशुदा होने के संबंध में आज तक शासन-प्रशासन ने कोई जानकारी नहीं दी कि वे कहां हैं। लेटर के अंत में सरपंचों ने कलेक्टर से विधायक को खोजकर तत्काल जानकारी देने का निवेदन किया है।

छत्तीसगढ़ शराब घोटाले में ईडी ने पूर्व मंत्री कवासी लखमा को आरोपी बनाया है और इस मामले में वे जेल में भी रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट ने 3 फरवरी 2026 को शराब घोटाले से जुड़े EOW/ACB और ED के दोनों मामलों में उन्हें अंतरिम जमानत दी थी। जमानत देते समय कोर्ट ने विशेष शर्त रखी थी कि कवासी लखमा अदालत में पेशी के अलावा छत्तीसगढ़ की सीमा में प्रवेश नहीं करेंगे और सुनवाई से एक दिन पहले राज्य में आने की अनुमति दी गई थी। इसके अलावा उन्हें अपना पासपोर्ट विशेष अदालत में जमा करना है और विदेश यात्रा पर रोक लगाई गई है। जानकारी के अनुसार, कवासी लखमा अभी सुकमा और ओडिशा से सटे किसी जिले में रह रहे हैं।