शिरोमणि अकाली दल और भाजपा के गठबंधन के एलान के बाद पंजाब भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने इसे राज्य की राजनीति के लिए अहम कदम बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अकाली दल को बड़ा भाई मानकर पंजाब में पंथक पार्टी की साख और ताकत बढ़ाने का संदेश दिया है। जाखड़ ने कहा कि यह गठबंधन सिर्फ चुनावी समझौता नहीं है, बल्कि पंजाब में हिंदू-सिख एकता को मजबूत करने की दिशा में भी अहम है।
जाखड़ ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से मुख्यमंत्री पद अकाली दल के पास रहने की बात कहना किसी पद की राजनीति नहीं है, बल्कि इसका मकसद पंथक पार्टी की विश्वसनीयता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि अगर पंजाब में एक विश्वसनीय पंथक पार्टी कमजोर होती है तो उग्रवादी और कट्टरपंथी तत्वों को फिर से उभरने का मौका मिल सकता है। उनके मुताबिक, पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई भी पंजाब में गड़बड़ी फैलाने के मौके तलाशती रहती है, इसलिए अकाली दल को मजबूत करना राज्य के हित में है।
पूर्व भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि यह गठबंधन 1996 की उसी सोच की वापसी है, जब दोनों दलों ने हिंदू-सिख एकता को सामाजिक आधार देने के लिए साथ आने का फैसला किया था। उन्होंने बताया कि गठबंधन के लिए साझा न्यूनतम कार्यक्रम तैयार किया गया है, जिसमें पंथक मुद्दों के समाधान, उग्रवाद पर रोक और बंदी सिखों का मुद्दा शामिल है।
जाखड़ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी में अंदरूनी खींचतान बढ़ रही है और उसका राजनीतिक प्रभाव लगातार कमजोर हो रहा है। उन्होंने कहा कि गठबंधन के बाद कांग्रेस के कई नेताओं को अपने राजनीतिक भविष्य के लिए दूसरे विकल्प तलाशने पड़ सकते हैं। उनके मुताबिक, आम आदमी पार्टी की सरकार की कथित कमाई की मशीन पर भी इस गठबंधन से लगाम लगेगी। सीटों के बंटवारे को उन्होंने कोई बड़ा मुद्दा नहीं बताया और कहा कि दोनों दलों को कुछ समझौते करने पड़ेंगे, लेकिन गठबंधन के अंतिम रूप लेने के बाद पंजाब की राजनीति में बदलाव दिखेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मोगा में पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की जयंती पर होने वाले कार्यक्रम में पंथ, नशे और किसानों से जुड़े मुद्दों पर भी अपनी बात रखेंगे।
